राकेश रोशन ने ऋतिक रोशन की 'कृष 4' को लेकर किया बड़ा खुलासा, बताया कब करेंगे फिल्म शुरु
'विक्रम वेधा' से रिलीज हुआ ऋतिक रोशन का फर्स्ट लुक सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक तरफ जहां कुछ फैंस खूब उत्साहित हैं, वहीं फैंस के एक खास वर्ग को ऋतिक की आगामी फिल्मों में से कृष 4 का भी बेसब्री से इंतजार है। पिछले साल ऋतिक ने फिल्म की 15वीं सालगिरह पर आधिकारिक तौर पर 'कृष 4' की घोषणा की थी। लेकिन फिलहाल फिल्म फ्लोर पर नहीं आई है। हाल ही में फिल्म के निर्माता- निर्देशक राकेश रोशन ने कृष 4 को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
ई टाइम्स से बात करते हुए राकेश रोशन ने कृष 4 पर कहा, "मैं महामारी के खत्म होने का इंतजार कर रहा हूं। हम जिस फिल्म की योजना बना रहे हैं वह बहुत बड़ी है। मैं नहीं चाहता कि यह अटक जाए। महामारी में फिल्मों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है, इसलिए, मैं इसमें कूदना नहीं चाहता।"

निर्देशक ने कहा, "मैं फिलहाल आमतौर पर लोनावाला में वीकेंड बिताता हूं। वहां का मौसम सुहावना है। कोई प्रदूषण नहीं है और यह शांतिपूर्ण है।"
ऋतिक की फिल्मों पर बात करते हुए उन्होंने कहा, "एक अभिनेता के रूप में उसे चुनौतियां पसंद हैं। प्रेरक किरदार निभाने का मौका आसानी से नहीं मिलता। इसलिए वह ज्यादा फिल्में नहीं करता है। वह रूटीन किरदार नहीं निभाना चाहता।"

फैंस की ऋतिक से अलग उम्मीदें हैं
उन्होंने आगे कहा, "ऐसी कई फिल्में हैं जो बॉक्स-ऑफिस पर बहुत अच्छा प्रदर्शन करती हैं। जब मैं उनमें ऋतिक की कल्पना करता हूं, तो मुझे एहसास होता है कि अगर वह इसमें होता, तो फिल्म ऐसा नहीं करती। ऋतिक से लोग कुछ और ही उम्मीद करते हैं। वे जानते हैं कि वह एक प्रखर अभिनेता है, इसलिए विषय और प्रदर्शन अलग होगा। वह उन फिल्मों में काम करता है जहां को किरदार को जस्टिफाई कर सके। उसके किरदार में एक ग्राफ होना चाहिए। उस तरह का चरित्र और विषय मिलना आम बात नहीं है।"

दोस्त से बढ़कर है ऋतिक
ऋतिक के साथ अपने रिश्ते पर बात करते हुए राकेश रोशन ने कहा, "हमारे रिश्ते की सबसे अच्छी बात यह है कि हम एक-दूसरे के प्रति ईमानदार और स्पष्टवादी हो सकते हैं। जो आपको बेहद करीब लाता है। मैं उससे अपने मन की बात कहने से पहले दो बार नहीं सोचता। आप दोस्तों के साथ भी इतना स्वतंत्र महसूस नहीं करते हैं। दोस्तों के साथ, आपको डर लगता है कि कहीं आपकी बेबाकी से वो प्रभावित तो नहीं हो जाएगा। लेकिन ऋतिक एक दोस्त से बढ़कर है।"

कृष 4
कोई शक नहीं कि प्रशंसक अपने सुपर हीरो की वापसी को देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं। पिछले दिनों राकेश रोशन ने हिंट दिया है कि संगीत उनकी फिल्म में एक बड़ी भूमिका निभाएगा।उन्होंने एक एंटरटेनमेंट पोर्टल से बात करते हुए बताया था कि फिलहाल फिल्म के म्यूजिक पर काम शुरू हो गया है।

कृष और जादू की पहली मुलाकात
रिपोर्ट की मानें तो फिल्म के राइटर्स की टीम ने स्क्रिप्ट पर जोरशोर से काम कर रही है और माना जा रहा है कि 16 सालों के बाद अब कृष 4 में जादू की वापसी कराई जाएगी।
कृष 3 में रोहित मेहरा के निधन के बाद निर्देशक का मानना है कि यही सही समय होगा जब कृष और जादू की मुलाकात होगी, जिसने उसे सारी खास शक्तियां दी हैं।

दो पार्ट में बनेगी फिल्म
राकेश रोशन बाहुबली की तरह ही कृष को दो भागो में बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं। यानि की कृष 4 और कृष 5.. दोनों फिल्में एक साथ बनेगी।
अभी तक फिल्म की हीरोइन को लेकर कोई चर्चा नहीं है। हालांकि काफी पहले अफवाहें उड़ी थीं कि राकेश रोशन ने फिल्म के लिए दीपिका पादुकोण को अप्रोच किया है। लेकिन दीपिका ने तुरंत फिल्म के लिए कोई हामी नहीं भरी थी।

ट्रिपल रोल में ऋतिक!
पहले खबरें थीं कि ऋतिक फिल्म में तीन किरदारों में दिखाई देंगे जिनमें से एक विलेन होगा। लेकिन फिलहाल इस बात की पु्ष्टि किसी ने नहीं की है। अब ये तो तय है कि ऋतिक का फिल्म में ट्रिपल रोल होगा लेकिन सब पॉज़िटिव होगा या कुछ निगेटिव, इसके लिए इंतज़ार करना होगा।


Click it and Unblock the Notifications











