राजनीति से बनेगा अस्पताल
निर्देशक प्रकाश झा ने अपनी नई फिल्म 'राजनीति' की शूटिंग पूरी कर ली है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि राजनीति पर आधारित इस फिल्म के किरदार वास्तविक जीवन के राजनेताओं से प्रेरित नहीं हैं। झा ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा, "फिल्म के किरदारों और किसी भी जीवित या मृत नेता में कोई समानता नहीं है। चरित्रों, क्रियाओं और घटनाओं में आपको यहां-वहां कुछ जाने-पहचाने रंग दिख सकते हैं लेकिन यह किसी राजनेता पर आधारित फिल्म नहीं है।"
उन्होंने कहा, "मैंने 'राजनीति' की शूटिंग पूरी कर ली है और अब फिल्म शूटिंग के बाद के चरण से गुजर रही है।" अजय देवगन, रणबीर कपूर, कैटरीना कैफ, नाना पाटेकर, नसीरुद्दीन शाह, अर्जुन रामपाल, मनोज वाजपेयी अभिनीत इस फिल्म की पूरी शूटिंग मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में हुई है।
झा 28 मई, 2010 को इस फिल्म को प्रदर्शित करने की योजना बना रहे हैं। इससे पहले वह विश्वभर में इसका प्रीमियर कर 1991 में स्थापित अपने एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) 'अनुभूति' के लिए धन राशि इकट्ठा करेंगे जिसका इस्तेमाल उनके गृह प्रदेश बिहार में एक अस्पताल के निर्माण में किया जाएगा। अपने राज्य में लोगों को कम कीमत पर बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना बना रहे झा का कहना है, "मेरे सभी कलाकार प्रीमियर्स में शामिल होंगे इससे बिहार में एक अस्पताल के लिए धनराशि इकट्ठा करने में मदद मिलेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











