लीक पर नहीं चलते है संतोषी
'अजब प्रेम की गजब कहानी" के माध्यम से 15 वर्ष बाद कॉमेडी फिल्मों की ओर लौटे बॉलीवुड निर्देशक राजकुमार संतोषी का कहना है कि वह लीक से हटकर काम करते हैं।
संतोषी ने कहा, "मैं वह कभी नहीं करता, जो सभी कर रहे होते हैं। यह बात मेरे काम से जाहिर है। मुझे सभी की तरह काम करना और झुण्ड की मानसिकता पसंद नहीं है। ऐसा नहीं है कि इन दिनों कॉमेडी फिल्मों का चलन है इसलिए मैं इस ओर लौटा हूं।"
उन्होंने कहा, "मैं शुरूआत से ही नए चलन शुरू करने की कोशिश करता आया हूं। जब मैंने एक्शन फिल्म 'घायल" बनाई, उस समय लोग प्रेम कहानियों पर आधारित फिल्में अधिक बना रहे थे। फिर जब मैंने कॉमेडी फिल्म 'अंदाज अपना-अपना" बनाई, उस वक्त कोई भी कॉमेडी फिल्में नहीं बना रहा था।"
1990 में सन्नी देओल अभिनीत फिल्म 'घायल" के साथ अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाले संतोषी ने 1994 में कॉमेडी फिल्मों का रुख किया था। उन्होंने सलमान खान और आमिर खान के साथ फिल्म 'अंदाज अपना-अपना" बनाई थी। इसके बाद उन्होंने 'घातक', 'पुकार", 'लज्जा", 'द लीजैंड ऑफ भगत सिंह" और 'हल्ला बोल" जैसी कुछ नाटकीय और गंभीर फिल्में बनाईं।
अब लगभग डेढ़ दशक बाद वह फिर कॉमेडी फिल्म बना रहे हैं। फिल्म 'अजब प्रेम की गजब कहानी" में कैटरीना कैफ और रनबीर कपूर ने अभिनय किया है।
संतोषी कहते हैं कि उनकी सभी फिल्मों की तरह इस फिल्म में भी एक संदेश होगा। यह फिल्म छह नवम्बर को प्रदर्शित होने जा रही है।


Click it and Unblock the Notifications











