मेगास्टार रजनीकांत ने आर माधवन स्टारर रॉकेट्री को बताया Must Watch, की दिल खोलकर तारीफ, एक्टर ने दिया जवाब
आर माधवन द्वारा अभिनीत, निर्देशित और लिखित फिल्म 'रॉकेट्री' हर किसी से सराहना बटोर रही है। जहां थियेटर्स में फिल्म के लिए तालियां बज रही हैं, वहीं अब मेगास्टार रजनीकांत ने भी दिल खोलकर फिल्म की तारीफ की है और इसे मस्ट वॉच बताया है।
रजनीकांत ने फिल्म की तारीफ करते हुए लिखा, "रॉकेट्री हर व्यक्ति खासतौर पर युवाओं के लिए जरूर देखने वाली फिल्म है। माधवन डायरेक्टर के तौर पर अपनी पहली ही फिल्म से बेस्ट डायरेक्टर्स में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने पद्म भूषण पुरस्कार विजेता नंबी नारायणन के बलिदानों और कष्टों को सबसे यथार्थवादी तरीके से दिखाया है। ऐसी बेहतरीन फिल्म देने के लिए मैं उनकी सराहना करता हूं और उन्हें धन्यवाद देता हूं।"

1 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ये फिल्म भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के पूर्व वैज्ञानिक और एयरोस्पेस इंजीनियर नंबी नारायणन के जीवन पर आधारित है। उनकी जिंदगी की उपलब्धियां, उनका जुनून, उनकी देशभक्ति, उनसे जुड़े विवाद और संघर्ष बड़े पर्दे पर देखने लायक हैं। यह अपने खोए सम्मान को पाने की कहानी है। फिल्म विश्व भर में 6 भाषाओं में रिलीज हुई है- हिंदी, इंग्लिश, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़।
फिल्म को IMDb ने 10 में से 9.3 रेटिंग दी है। माधवन ने खुद अपने सोशल मीडिया पर ये खुशखबरी अपने फैंस के साथ शेयर की है।
रजनीकांत की तारीफ का जवाब देते हुए माधवन ने सुपरस्टार को धन्यवाद किया है। उन्होंने फिल्म की सफलता का क्रेडिट नंबी सर और पूरी टीम को देते हुए कहा, "मैं वास्तव में नहीं जानता कि क्या कहना है। धन्यवाद रजनी सर। यह आप जैसे लोग हैं जो इसे इसके लायक बनाते हैं। आपको बहुत प्यार और सम्मान.."
साइंटिस्ट नंबी नारायणन की कहानी को जिस सच्चाई और हिम्मत के साथ आर माधवन ने बड़े पर्दे पर दिखाने की कोशिश की है, इसके लिए उनकी तारीफ होनी चाहिए। साथ ही ये फिल्म सोचने पर मजबूर करती है कि क्या हम अपने वैज्ञानिकों को उतना सम्मान देते हैं, जितने के वो हकदार हैं!


Click it and Unblock the Notifications












