राज कुंद्रा के लिए मैंने बनाई है सॉफ्ट पॉर्न और न्यूड फिल्में - तनवीर हाशमी का पुलिस के सामने कुबूलनामा
राज कुंद्रा पॉर्न फिल्म केस में हर दिन एक नया खुलासा होता है और अब उनकी कंपनी से जुड़े व्यक्ति तनवीर हाशमी ने पुलिस पूछताछ में कुबूल किया है कि उन्होंने राज की कंपनी के लिए खुद न्यूड फिल्में बनाई हैं। इन फिल्मों की अवधि 15 - 20 मिनट होती थी। हालांकि, तनवीर इन्हें पॉर्न फिल्म ना मानकर इरोटिका फिल्में कहते हैं और मानते हैं कि इन फिल्मों को सॉफ्ट पॉर्न भी कहा जा सकता है।
पुलिस पूछताछ में तनवीर ने ये भी कुबूल किया कि वो ज़िंदगी में कभी भी राज कुंद्रा से नहीं मिले हैं क्योंकि वो सीधे राज कुंद्रा की कंपनी से नहीं जुड़े थे। बल्कि तनवीर, जिस कंपनी से जुड़े थे वो राज के एप के लिए कंटेंट बनाते थे।

तनवीर हाशमी का नाम भी पॉर्न फिल्म केस सिलसिले में पॉर्न फिल्में बनाने और उन्हें एप्स पर अपलोड करने में शामिल है। हालांकि वो सीधे राज कुंद्रा की कंपनी से नहीं जुड़े हैं और इसलिए फिलहाल बेल पर बाहर हैं।

14 दिन की न्यायिक हिरासत
मंगलवार, 27 जुलाई को राज कुंद्रा के केस में सुनवाई के बाद कोर्ट ने राज कुंद्रा की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए बढ़ा दी है। राज कुंद्रा पहले भायखला जेल में कस्टडी में थे लेकिन कोर्ट के नए आदेश के बाद उन्हें आर्थर रोड जेल ले जाया गया है। राज कुंद्रा को 19 जुलाई को पुख्ता सुबूत मिलने के बाद पॉर्न फिल्में बनाने और उन्हें बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस को मिले थे सुबूत
पुलिस को राज कुंद्रा के खिलाफ पुख्ता सुबूत मिले थे जिनमें उनके वॉट्सएप चैट भी शामिल थे। इस चैट के मुताबिक राज एक वॉट्सएप ग्रुप पर रोज़ एप से होने वाली कमाई का हिसाब किताब लेते थे। वहीं राज को पता था कि आने वाले समय पर पुलिस उन पर ऐसा कंटेंट बनाने के लिए शिकंजा कस सकती है इसलिए वो प्लान बी भी तैयार कर रहे थे।

पूनम पांडे ने लगाया आरोप
एडल्ट एक्ट्रेस पूनम पांडे ने राज कुंद्रा पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज और उनकी कंपनी पूनम से ज़ोर ज़बरदस्ती से डील साईन करवाना चाहते थे। बल्कि राज ही वो इंसान हैं जो पूनम को एडल्ट इंडस्ट्री में लेकर आए थे। पूनम का कहना था कि राज ने उन्हें डील तोड़ने पर धमकी भी दी थी और पूनम का नंबर, सेक्स सेवाओं के लिए लीक कर दिया गया था।

गहना वशिष्ठ ने दिया साथ
हालांकि एडल्ट एक्ट्रेस गहना वशिष्ठ का कहना है कि राज कुंद्रा पॉर्न फिल्में नहीं बनाते थे। उन्हें इरॉटिका कहा जाता है और ये कंटेंट उनता ही बोल्ड है जितना कि ऑल्ट बालाजी की वेब सीरीज़ या फिर अनुराग कश्यप की फिल्में। नेटफ्लिक्स पर इससे ज़्यादा बोल्ड कंटेंट मिलता है। इसलिए लोगों को पहले वो फिल्में देखनी चाहिए और उसके बाद टिप्पणी देनी चाहिए।

शिल्पा शेट्टी ने झाड़ा पल्ला
शिल्पा शेट्टी ने पुलिस पूछताछ में इस एप के कंटेंट से पूरी तरह पल्ला झाड़ लिया है। उनका कहना है कि उन्हें नहीं पता कि एप पर क्या कंटेंट जाता था। शिल्पा का ये भी कहना है कि इरॉटिका और पॉर्न में अंतर होता है और राज की कंपनी पॉर्न फिल्में नहीं बनाती हैं। उन्होंने अपने स्टेटमेंट में राज को निर्दोष बताया है और कहा कि सारा काम, राज की बहन के पति अपनी कनाडा स्थित कंपनी के ज़रिए देखते थे।

चार कर्मचारी बन चुके हैं गवाह
जहां तनवीर हाशमी ने माना है कि वो न्यू़ड फिल्में बनाते थे वहीं दूसरी तरफ, राज कुंद्रा की कंपनी के चार कर्मचारी, इस पूरे मामले में पुलिस के गवाह बन चुके हैं। उनकी गवाही के बाद राज कुंद्रा के ऑफिस की जांच की गई जहां एक नकली दीवार मिली। इस दीवार में cryptocurrencya से जुड़े कागज़ात मिले हैं। राज का नाम अब केवल पॉर्न फिल्म मामले में ही नहीं बल्कि ऑनलाईन सट्टेबाज़ी में भी सामने आ रहा है। ये दोनों ही काम भारत में गैर कानूनी हैं और इनके लिए कड़ी सज़ा है।


Click it and Unblock the Notifications











