शिल्पा को लेने रथ पर आएंगे कुंद्रा
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के होने वाले दुल्हे राज कुंद्रा ने तय किया है कि वह घोड़ी पर सवार होने की परम्परा को आगे बढ़ाने की बजाए एक बड़े से रथ पर सवार होकर अपनी दुल्हन को लेने उनके घर पहुंचेंगे।
आगामी 22 नवंबर को कुंद्रा और शिल्पा विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। शिल्पा के एक नजदीकी मित्र का कहना है कि प्रख्यात डिजाइनर तरुण तिहिलिआनी शिल्पा के विवाह का खूबसूरत जोड़ा तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह जोड़ा बेहद खूबसूरत होगा और इससे पहले बॉलीवुड की किसी भी अभिनेत्री ने इतना सुंदर जोड़ा नहीं पहना है।
इस विवाह समारोह में शिल्पा और राज के पारिवारिक सदस्य ही शामिल होंगे। राज के माता-पिता और बहनें किसी भी समय लंदन से आ सकते हैं। जबकि उनके लुधियाना और अमृतसर में रहने वाले रिश्तेदार शादी के समय ही पहुंचेंगे। यह विवाह पूरी तरह पारंपरिक रीति-रिवाजों से होगा।
शिल्पा की एक करीबी मित्र के मुताबिक शिल्पा की मां ने ज्योतिषियों से सलाह ली थी, जिनके मुताबिक दूसरा अच्छा मुहुर्त अप्रैल 2010 के बाद ही था। शिल्पा अपनी बहन शमिता की उपस्थिति के बिना विवाह नहीं करना चाहती थीं लेकिन अब शमिता भी 'बिग बॉस' के घर से बाहर आकर विवाह में शामिल होंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications