दिलीप कुमार- राज कपूर के पाकिस्तान में मौजूद पैतृक घर की कीमत हुई तय, इतनी मोटी रकम
दिग्गज बॅालीवुड अभिनेताओं में नाम शामिल है राज कपूर और दिलीप कुमार का। इससे सभी वाकिफ हैं कि दोनों का पैतृक घर पाकिस्तान में है। रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान की खैबर पख्तूनख्वा सरकार ने दिलीप कुमार और राज कपूर के पैतृक घरों की कीमत तय कर दी है।
पेशावर के उपायुक्त मुहम्मद अली असगर ने कम्युनिकेशन एंड वर्क्स विभाग की एक रिपोर्ट के बाद दिलीप कुमार के चार मारला में बने घर की कीमत 80.56 लाख और राज कपूर के छह मारला के घर की कीमत 1.5 करोड़ रुपए निर्धारित की है। आपको बता दें कि मारला क्षेत्र की पैमाइश के लिए इस्तेमाल किए जाने वाला मानक है।

एक मारला को 272.25 वर्ग फीट या फिर 25.2929 वर्गमीटर के बराबर माना जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दिलीप कुमार और राज कपूर का जन्म अपने पैतृक घरों में ही हुआ था।
भारत-पाकिस्तान विभाजन से पहले दोनों की परवरिश भी वहीं पर हुई थी। पुरातत्व विभाग ने प्रांतीय सरकार से इन दोनों इमारतों को खरीदने के लिए दो करोड़ रुपए जारी करने का अनुरोध भी किया है। दिलीप कुमार का ये घर 100 साल पुराना बताया जाता है। फिलहाल ये घर जर्जर हालत में है।
साल 2014 में तत्कालीन नवाज शरीफ सरकार ने इसे राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया था।ठीक इसी तरह कपूर हवेली की भी अभी तक हिफाजत की गई है। सितंबर महीने में प्रधानमंत्री इमरान खान के गृह राज्य की सरकार ने इन ऐतिहासिक इमारतों के संरक्षण के लिए पैतृक घरों को खरीदने का फैसला किया था।


Click it and Unblock the Notifications
