Good News: राहुल रॉय को अस्पताल से मिली छुट्टी, पिछले महीने ब्रेन स्ट्रोक के बाद हुए थे भर्ती
पिछले महीने ब्रेन स्ट्रोक का शिकार हुए राहुल रॉय को मुंबई के नानावटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। वह कारगिल में अपनी फिल्म LAC की शूटिंग कर रहे थे। बहरहाल, अच्छी खबर यह है कि अभिनेता को अब अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और वह तेजी से रिकवर कर रहे हैं। राहुल का इलाज उनके घर पर भी अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा।
सोमवार को राहुल ने अस्पताल से एक वीडियो भी शेयर किया था जिसमें वो अपनी बहन और बहनोई के साथ खड़े थे और अपने फैंस को भरोसा दिलाया था कि वो अब अपने पैरों पर खड़े हो पा रहे हैं और जल्द ही ठीक होकर वापिस लौटेंगे।

फिल्म 'एलएसी' के निर्देशक नितिन ने बताया कि सोमवार को वह राहुल से मिले। निर्देशक ने कहा, राहुल की सेहत में सुधार है। लेकिन उन्हें बोलने में थोड़ी परेशानी हो रही है। इसके लिए डॉक्टर उनकी स्पीच थेरेपी करने में लगे हुए हैं।
गौरतलब है कि नवंबर के अंतिम दिनों में राहुल रॉय नितिन कुमार गुप्ता के निर्देशन में फिल्म 'एलएसी' की शूटिंग कारगिल में कर रहे थे। जहां शूटिंग हो रही थी, उस जगह का तापमान अक्सर -12 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला जाता है। इसी ठंड का शिकार हुए राहुल रॉय। राहुल को तुरंत कारगिल से श्रीनगर लाया गया और वहां से सीधे मुंबई लाकर यहां के नानावटी अस्पताल में इलाज शुरू करवाया गया।
राहुल के बहनोई ने कहा, "मैं इतना ही कह सकता हूं कि वे धीरे-धीरे रिकवर हो रहे हैं। हम राहुल भैया के साथ हैं। डॉक्टर्स जो दवाइयां उन्हें दे रहे हैं, उनका सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। वे जल्द ही इस मुश्किल वक्त से बाहर आ जाएंगे।"


Click it and Unblock the Notifications












