राहुल, प्रियंका, रितिक को यूथ आइकॉन अवार्ड
एक शानदार अवार्ड समारोह में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी को 'आइकॉन ऑफ द ईयर' और मनोरंजन जगत में बॉलीवुड सितारे रितिक रोशन और प्रियंका चोपड़ा को 'यूथ आइकॉन अवार्ड' से नवाजा गया है।
विजक्राफ्ट इंटरटेनमेंट और विडियोकॉन द्वारा लीला किमपिन्सकी होटल में शुक्रवार रात संयुक्त रूप से आयोजित 'इंडिया यूथ आइकॉन अवार्ड्स' में प्रियंका ने कैटरीना कैफ और रितिक रोशन ने अभिनेता-निर्देशक फरहान अख्तर को पीछे छोड़ते हुए यह अवार्ड हासिल किया।
राहुल गांधी अपना अवार्ड लेने के लिए उपस्थित नहीं थे। लाल कालीन पर चलकर अवार्ड लेने पहुंची प्रियंका ने कहा कि यूथ आइकॉन बनने का महत्व बहुत ज्यादा है।
अवार्ड की घोषणा से पूर्व प्रियंका ने कहा, "यूथ आयकॉन एक बहुत बड़ा शब्द है। आज की पीढ़ी, मेरी पीढ़ी बहुत अधीर पीढ़ी है। यह पीढ़ी सब कुछ बहुत जल्दी चाहती है और सामान्यता का इसके लिए कोई महत्व नहीं है। वह उन चीजों को बहुत जल्दी खारिज कर देती है जो उनके काम की नहीं हैं। इसलिए इस पीढ़ी का यूथ आइकॉन बनना बहुत बड़ी बात है।"
अन्य श्रेणियों में मिलने वाले अवार्डस के विजेताओं में निशानेबाज अभिनव बिंद्रा (खेल), लेखक चेतन भगत (कला) और अभिनेता राहुल बोस (सामाजिक न्याय एवं कल्याण) शामिल हैं।
ऐश्वर्या राय बच्चन को 'ग्लोबल फेस ऑफ द ईयर अवार्ड' और दीपिका पादुकोण को 'फैशन आइकॉन ऑफ द ईयर अवार्ड' दिया गया।


Click it and Unblock the Notifications