रहमान और पोकुट्टी का ज़ोरदार स्वागत

एआर रहमान गुरुवार तड़के जब चेन्नई हवाई अड्डे के बाहर निकले तो केरल के कलाकारों ने विशेष संगीत के साथ उनका स्वागत किया.
इंडियन एयरलाइंस ने उनके स्वागत की विशेष की तैयारी की थी. रात होने के बावजूद भारी संख्या में लोग अपने हीरो का स्वागत करने के लिए खड़े थे.
रहमान ने लोगों की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया. उन्होंने कुछ पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ऑस्कर ने निश्चित रुप से उनका गौरव बढ़ाया है और यह भारत के लिए भी सम्मान की बात है.
दूसरी ओर मुंबई हवाई अड्डे पर रसूल पोकुट्टी और स्लमडॉग में पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाने वाले अभिनेता इरफ़ान ख़ान का ज़ोरदार स्वागत हुआ.
रहमान को दो ऑस्कर मिले हैं
पोकुट्टी ने कहा कि वो इस सम्मान को देश को समर्पित करते हैं.
एआर रहमान को स्लमडॉग मिलियनेयर के संगीत के लिए और इसी फ़िल्म में उनके गीत जय हो के लिए दो ऑस्कर मिले.
इसी फ़िल्म की साउंड मिक्सिंग के लिए भारत के रसूल पोकुट्टी को भी ऑस्कर मिला.
81वें अकादमी पुरस्कार समारोह में स्लमडॉग मिलियनेयर की धूम रही और इस फ़िल्म ने कुल आठ ऑस्कर हासिल किए.
पहली बार भारतीय कलाकारों को ऑस्कर में इतनी सफलता हासिल हुई है.


Click it and Unblock the Notifications











