'प्यार इम्पोसिबल' के लिए प्रियंका परफेक्ट
बॉलीवुड अभिनेता उदय चोपड़ा की आने वाली फिल्म 'प्यार इम्पोसिबल' की कहानी अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को ध्यान में रखकर लिखी गई है। जी हां फिल्म के नायक और पटकथा लेखक उदय चोपडा का कहना है कि उन्होंने फिल्म की प्रमुख महिला का किरदार अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को दिमाग में रखते हुए लिखा था।
उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पहली बार इस फिल्म के विषय में सोचा तो सबसे पहले उनके दिमाग में प्रियंका उभरीं। उन्हें लगा कि वह ही इस किरदार को बखूबी निभा सकती हैं।
उदय कहते हैं कि 'प्यार इम्पोसिबल' आम लोगों की कहानी है। फिल्म में उदय ने एक बेपरवाह लड़के का किरदार निभाया है। वह कहते हैं कि फिल्म बताती है कि फिल्म के हीरो का दिखावटीपन उसकी जिंदगी को किस तरह से प्रभावित करता है।
किरदार का रूप प्रमुख
उदय ने कहा, "फिल्म के लिए किरदार का रूप बहुत अहमियत रखता है क्योंकि यह फिल्म मुख्य रूप से किरदार की बाहरी दिखावट पर आधारित है। 'प्यार इम्पोसिबल' एक बेपरवाह लड़के और एक स्टाइलिश लड़की की कहानी है। क्या वे कभी साथ हो पाएंगे। इसलिए पूरी फिल्म किरदारों के बाहरी रूप पर आधारित है।"
उदय ने अपने भाई आदित्य चोपड़ा की फिल्म 'मोहब्बतें' (2000) से अभिनय की शुरूआत की थी। बाद में उन्होंने 'मुझसे दोस्ती करोगी' (2002), 'मेरे यार की शादी है' (2002) में अभिनय किया लेकिन 2004 में आई फिल्म 'धूम' से उन्हें ज्यादा पहचान मिली। उन्होंने 2006 में आई फिल्म 'धूम 2' में भी अभिनय किया था। 'प्यार इम्पोसिबल' आठ जनवरी से सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











