कांग्रेस पार्टी के लिए वोट मांगने मैदान में उतरे 'पुष्पा'? आग की तरह वायरल हुआ अल्लू अर्जुन का ये वीडियो!

Allu Arjun Deepfake Video: पिछले काफी लंबे वक्त से भारत में डीपफेक वीडियो का सिलसिला बढ़ता ही जा रहा है। कई सारे बड़े सितारों के डीपफेक वीडियो वायरल हो चुके हैं। हालांकि अभी भी यह सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बॉलीवुड के आमिर खान से लेकर रणवीर सिंह तक इसका शिकार हो चुके हैं। हालांकि अब 'पुष्पा' स्टार अल्लू अर्जुन भी इसका शिकार हो चुके हैं।
दरअसल अब अल्लू अर्जुन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। भारत में लोकसभा चुनाव को लेकर नेताओं की रैलियों में सेलिब्रिटीज का प्रचार करना आम बात है। इसी दौरान सोशल मीडिया पर डीप फेक वीडियो का सिलसिला और भी ज्यादा बढ़ता जा रहा है। अब अभिनेता अल्लू अर्जुन का एक वीडियो सामने आया है और इसमें वह कांग्रेस के चुनाव के लिए प्रचार करते नजर आए।
जानकारी के लिए आपको बता दें कि अल्लू अर्जुन के इस वीडियो को AI की सहायता से बनाया गया है और यह पूरी तरीके से फेक है। वीडियो में देखा जा रहा है कि अल्लू अर्जुन एक खुली हुई कार में खड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने ऑफ वाइट रंग का सूट पहन रखा है और गले में कांग्रेस के प्रचार का भी निशान दिखाई दे रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि वह लोगों के सामने अपना हाथ हिलाते हुए नजर आ रहे हैं और बगल में उनकी पत्नी स्नेहा भी खड़ी हुई देखी जा सकती हैं। हालांकि उनके आसपास कहीं और लोग भी नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया है कि "अल्लू अर्जुन कांग्रेस के प्रचार के लिए मैदान पर उतर चुके हैं।"
हालांकि अल्लू अर्जुन कांग्रेस के लिए प्रचार नहीं कर रहे हैं और यह वीडियो न्यूयॉर्क का है। साल 2022 में एक्टर इंडिया डे परेड में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए न्यूयॉर्क गए थे। जहां पर उन्हें ग्रैंड मार्शल की उपाधि से सम्मानित भी किया गया था और खुद भी वहां से कई सारे वीडियो उन्होंने शेयर किए थे। यह वीडियो अल्लू अर्जुन के सोशल मीडिया द्वारा शेयर किया गया था।
अगर हम अल्लू अर्जुन के करियर की बात करें तो आपको बता दें कि उन्हें जल्दी ही 'पुष्पा 2' फिल्म में देखा जाने वाला है। कुछ वक्त पहले इस फिल्म का टीजर और पोस्टर रिलीज किया गया था। फिल्म की शूटिंग फाइनल स्टेज पर पहुंच चुकी है और यह 15 अगस्त 2024 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इस फिल्म में अल्लू अर्जुन के साथ में श्रीवल्ली यानी कि रश्मिका मंदाना को भी देखा जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications