'पैसे नहीं मिले, तो कहा फ़िल्म है फ्लॉप'

निर्देशक प्रियदर्शन कुछ पत्रकारों से नाराज़ हैं. उनकी शिकायत है अपनी फ़िल्म 'खट्टा-मीठा' को लेकर मीडिया में आई कुछ टिप्पणियों से.
दरअसल मीडिया में आई कुछ ख़बरों के मुताबिक प्रियदर्शन निर्देशित और अक्षय कुमार अभिनीत 'खट्टा-मीठा' बॉक्स ऑफ़िस पर नाकाम साबित हुई.
प्रियदर्शन इन ख़बरों को आधारहीन मानते हैं.
वो कहते हैं "खट्टा-मीठा ने निर्माता को पैसे कमा कर दिए. कुछ पत्रकार जिन्हें अक्षय कुमार ने पैसे ना दिए हों या हो सकता है फ़िल्म ना दिखाई हो उन लोगों ने 'खट्टा-मीठा' को फ्लॉप क़रार कर दिया."
वैसे इस बीच प्रियदर्शन के लिए अच्छी ख़बर ये है कि प्रतिष्ठित लाइब्रेरी ऑफ द एकेडमी ऑफ़ मोशन पिक्चर्स आर्ट्स एंड साइंस ने फ़िल्म 'खट्टा-मीठा' की पटकथा अपने संग्रह के लिए मांगी है. प्रियदर्शन के मुताबिक ये बहुत बड़ी उपलब्धि है, और फ़िल्म की कामयाबी का सबूत है.
इसी संस्था ने कुछ दिनों पहले प्रदर्शित हुई अभय देओल अभिनीत 'रोड' की पटकथा भी अपने संग्रह के लिए मांगी थी.
'खट्टा-मीठा' की बात करें तो ये फ़िल्म निचले स्तर पर व्याप्त भ्रष्टाचार पर आधारित थी. इसमें अक्षय कुमार ने एक ठेके पर सड़क बनाने वाले व्यक्ति का किरदार अदा किया था. फ़िल्म को टिकट खिड़की पर मिली-जुली सफलता मिली थी.


Click it and Unblock the Notifications