तेरी मेरी कहानी में लखनवी अंदाज में दिखेंगी प्रियंका
फिल्म तेरी मेरी कहानी में प्रियंका चोपड़ा लखनवी अंदाज में नज़र आएंगी। नवाबों के शहर लखनऊ की नज़ाकत और अदब को अपने अभिनय से दर्शकों के सामने पेश करेंगी। फिल्म के निर्माता और निर्देशक कुणाल कोहली ने फिल्म के रिलीज होने के कुछ दिन पहले ही फिल्म के यूपी कनेक्शन का खुलासा किया।
कुणाल ने कहा " हां प्रियंका ने फिल्म में एक लड़की का किरदार निभाया है जो लखनऊ की है और फिल्म इंडस्ट्री में करियर बनाने के लिए अपने घर से भाग जाती है। प्रियंका और शाहिद के बीच एक सीन भी है जिसमे प्रियंका कहती है कि 'हम और हमारी दोस्त तो लखनऊ से भाग के आए थे फिल्म्स में काम करने के लिए'।"
प्रियंका को लखनवी अंदाज में पेश करने के पीछे वजह बताते हुए कुणाल ने कहा "मैं अपनी फिल्मों में भिन्न भिन्न सस्कृतियों से जुड़ी महिलाओं के मजबूत किरदारों को दिखाना चाहता हूं। जैसे फना में काजोल को श्रीनगर का दिखाया गया था। इसीतरह हम तुम में रानी को दिल्ली शहर की लड़की के रुप में दिखाया गया था। मेरी फिल्म की महिला किरदार बाहर और अन्दर दोनों रुपों में खूबसूरत होती हैं। उनमें नज़ाकत होती ही है और लखनऊ से बेहतर इस नजा़कत को किस शहर से जोड़ा जा सकता है। आप रुखसार को जरुर नोटिस करेंगे जब वो कमरे के अन्दर चल के आएगी। वो जब झुक के आदाब करती है,जिस नज़ाकत से वो करती है, सबकी आंखे उसपर ही ठहर जाएंगी।"
प्रियंका के लिए लखनऊ शहर की लड़की का किरदार निभाने में कोई दिक्कत नहीं हुई क्योंकि वो खुद भी लखनऊ के लामर्टिनियर स्कूल से पढ़ी हैं। प्रिंयका ने भी लखनऊ शहर से जुड़े खुद के अनुभव को फिल्म के किरदार को निभाने में काफी मददगार बताया है।


Click it and Unblock the Notifications











