पर्सनल लाईफ पर ऑनलाइन चर्चा नहीं: प्रियंका

प्रियंका उन चुनिंदा हस्तियों में हैं जिन्होंने सबसे पहले ट्विटर को अपनाया। अब वह एक कदम आगे बढ़ते हुए कई तरह से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करा रही हैं, हाल ही में उन्होंने 'यूटीवी इंटरेक्टिव' से अपना वॉइस ब्लॉग, वॉइस चैट्स व एक आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल शुरू करने के सम्बंध में समझौता किया है। बुधवार से इसकी शुरुआत हो गई है।
प्रियंका ने कहा, "मुझे लगता है कि यह सही समय है, मेरे अंदर इतना आत्मविश्वास है कि अब मैं कह सकती हूं कि यह मैं हूं और यदि आप मुझे देखना चाहते हैं तो देखें। लोगों ने मुझे केवल बड़े पर्दे पर देखा है, लेकिन मैं वहां एक किरदार निभाती हूं, वहां मैं स्वयं को कभी प्रस्तुत नहीं करती लेकिन यहां मैं हूं, यहां जो कुछ होगा वह मेरे द्वारा प्रस्तुत होगा।"
उन्होंने कहा, "मैं पर्दे के पीछे जो कुछ घटता है उसकी चर्चा करूंगी, सेट्स पर या मेरे साथ क्या होता है यह बताऊंगी। मैं सिर्फ वही बातें करूंगी जो मुझे रोचक लगेंगी। यह लोगों को वास्तविक प्रियंका से परिचित कराने का एक तरीका है।" प्रियंका ने स्पष्ट किया है कि वह ऑनलाइन केवल उन्हीं बातों पर चर्चा करेंगी जो उन्हें रोचक लगेंगी वह अपने रिश्तों या प्रेम सम्बंधों के विषय में कुछ नहीं कहेंगी।
उन्होंने कहा, "मैं अपने बारे में हर बात का खुलासा नहीं करूंगी। लोगों से बातचीत का यह सबसे अद्भुत हिस्सा है। मैं वही कहूंगी जो मैं कहना चाहती हूं लेकिन मैंने न तो अब तक अपने निजी जीवन के विषय में चर्चा की है और न ही आगे ऐसा करूंगी। मैं इस सब पर चर्चा करने में विश्वास नहीं करती।"


Click it and Unblock the Notifications