आयुष्मान - कार्तिक - सिद्धार्थ के हंगामा 2 रिजेक्ट करने से नाराज़ प्रियदर्शन, कहा - मैंने नेशनल अवार्ड जीता है
प्रियदर्शन की फिल्म हंगामा 2, हॉटस्टार पर 23 जुलाई को रिलीज़ हो रही है और फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद लोग एक बार फिर से प्रियदर्शन स्टाईल कॉमेडी देखने को उत्साहित हैं। लेकिन बॉलीवुड में अब कुछ ए लिस्ट एक्टर्स हैं जो फिलहाल प्रियदर्शन स्टाईल कॉमेडी में काम करने को तैयार नहीं हैं। ऐसा प्रियदर्शन का मानना है।
एक इंटरव्यू में बात करते हुए प्रियदर्शन ने बताया कि हंगामा 2 उन्होंने आयुष्मान खुराना, सिद्धार्थ मल्होत्रा और कार्तिक आर्यन को ऑफर की थी। लेकिन तीनों में से किसी को भी इस फिल्म में दिलचस्पी नहीं थी। बाद में फिल्म में मीज़ान जाफरी फाईनल हुए।

प्रियदर्शन को इन तीन स्टार्स का उनकी फिल्म रिजेक्ट करना पसंद नहीं आया। इस बातचीत में प्रियदर्शन ने बताया कि साउथ में उन्हें कोई रिजेक्ट नहीं करता क्योंकि लोग जानते हैं उनका काम कैसा है और वो किस तरह की फिल्में बनाते हैं। लेकिन शायद बॉलीवुड के एक्टर्स को लगता है कि प्रियदर्शन आउटडेटेड हैं और समय के साथ चलकर फिल्में बनाना नहीं जानते हैं।
इन एक्टर्स का नाम ना लेते हुए प्रियदर्शन ने कहा, मैं अपना काम हमेशा अपडेट करता हूं। मैंने नेशनल अवार्ड जीता है तो ये तो कहा ही जा सकता है कि मैं अच्छी फिल्में बनाता हूं।

अक्षय कुमार के साथ करने जा रहे काम
प्रियदर्शन ने साफ किया कि ये नई सोच के लड़के हैं और शायद मैं पुरानी सोच का आदमी हूं। पर अच्छा है कि वो ये फिल्म नहीं कर रहे हैं। क्योंकि जिस डायरेक्टर के साथ आप सहज महसूस नहीं करते हैं, उसकी फिल्म नहीं करनी चाहिए। अगर फिल्मों की बात करें तो प्रियदर्शन हाल ही में अक्षय कुमार से मिले हैं और माना जा रहा है कि दोनों जल्दी ही एक कॉमेडी फिल्म पर काम करना शुरू करेंगे।

प्रियदर्शन से अगल आयुष्मान की कॉमेडी
प्रियदर्शन की हंगामा 2 के लिए आयुष्मान खुराना को अप्रोच किया गया था। लेकिन जहां हंगामा 2 विशुद्ध मसाला कॉमेडी फिल्म है वहीं आयुष्मान खुराना ने हमेशा सामाजिक मुद्दों को हल्की फुल्की कॉमेडी और डायलॉग्स से पेश करने की कोशिश की है। ऐसे में प्रियदर्शन की कॉमेडी के खांचे में आयुष्मान शायद ही फिट बैठ पाते।

फिल्मों को लेकर बेहद सतर्क हैं आयुष्मान
दूसरी तरफ, आयुष्मान खुराना अपनी फिल्मों को लेकर बेहद सतर्क रहते हैं। उनकी फिल्में हमेशा कुछ ना कुछ नया बताने की कोशिश ज़रूर करती हैं। चाहे वो विकी डोनर का स्पर्म डोनेशन मुद्दा हो या फिर आर्टिकल 15 जैसी गंभीर फिल्म में उठाया गया समानता का मुद्दा। यही कारण है कि आयुष्मान खुराना दोस्ताना 2 जैसी फिल्म भी ठुकरा चुके हैं।

कार्तिक की रॉम कॉम
कार्तिक आर्यन उन यंग सितारों में से हैं जिनके कंधे पर आप किसी भी हल्की फुुल्की रोमांटिक कॉमेडी का भार आसानी से डाल सकते हैं और कार्तिक आपको निराश नहीं करते हैं। कार्तिक की फिल्मों का यूएसपी है कॉमेडी और उनकी कॉमिक टाईमिंग लोगों को पसंद भी है। ऐसे में प्रियदर्शन का ऑफर रिजेक्ट करने की कोई तो ठोस वजह रही होगी।

बड़े बैनर के ढेरों ऑफर
गौरतलब है कि कार्तिक आर्यन के पास इस समय ढेरों ऑफर है और ये सारे ही ऑफर बड़े बैनर्स की फिल्मों के हैं। इनमें साजिद नाडियाडवाला की म्यूज़िकल, एकता कपूर की एक रीमेक, हंसल मेहता के साथ एक असल कहानी पर आधारित ड्रामा शामिल है। ऐसे में हो सकता है कि कार्तिक, प्रियदर्शन की फिल्म को वरीयता ना दे पाए हों।

कर रहे हैं प्रियदर्शन की फिल्म का सीक्वल
दिलचस्प ये है कि कार्तिक आर्यन प्रियदर्शन की सबसे सफल फिल्मों में से एक भूलभुलैया का सीक्वल कर चुके हैं। फिल्म रिलीज़ होना अभी बाकी है। हालांकि भूलभुलैया सीक्वल से प्रियदर्शन का कोई लेना देना नहीं है। प्रियदर्शन ज़्यादातर सीक्वल के हित में नहीं रहते हैं। उनका कहना है कि लोगों को लगता है कि हेरा फेरी 2 भी उन्होंने बनाई थी जबकि ऐसा नहीं है।

सिद्धार्थ मल्होत्रा का कॉमेडी से रिश्ता
हंगामा 2 जिस तीसरे एक्टर को ऑफर हुई थी वो थे सिद्धार्थ मल्होत्रा। अब देखा जाए तो सिद्धार्थ मल्होत्रा नई पीढ़ी के एंग्री यंग मैन हैं। कॉमेडी से उनका दूर दूर तक नाता नहीं है। ऐसे में प्रियदर्शन की फिल्म उन्हें एक नई दिशा दे सकती थी। लेकिन तब जब सिद्धार्थ ये रिस्क उठाने को तैयार होते।

कई प्रोजेक्ट्स में बिज़ी
लेकिन लगता नहीं है कि फिलहाल सिद्धार्थ मल्होत्रा अपने करियर में कोई भी रिस्क लेना चाहते हैं। हालांकि उनकी आने वाली फिल्मों में अजय देवगन के साथ इंदर कुमार की थैंक गॉड शामिल है जो हल्की फुल्की कॉमेडी है। लेकिन इसके अलावा सिद्धार्थ केवल एक्शन करने पर फोकस कर रहे हैं।

हंगामा 2 का दिलचस्प प्लॉट
हंगामा 2, प्रियदर्शन की 1994 में आई मलयालम फिल्म मीन्नारम का रीमेक है। वो फिल्म भी इसी कन्फ्यूजन के इर्द गिर्द घूमती है जहां एक बच्चा है जिसका पिता उसे अपना बच्चा मानने से इंकार करता है। वहीं उसकी मदद जब एक तीसरी महिला करती है तो उस महिला का पति उन दोनों के अफेयर होने का शक करता है और इसी पूरे कन्फ्यूजन से हंगामा मच जाता है। प्रियदर्शन की हंगामा भी एक पति - पत्नी के जोड़े और पति के अपनी पत्नी के अफेयर होने के शक के कन्फ्यूजन पर ही आधारित थी।

सितारों को दी नई पहचान
प्रियदर्शन एक शानदार डायरेक्टर हैं इसमें कोई दो राय नहीं है। प्रियदर्शन ही वो डायरेक्टर हैं जिन्होंने हेरा फेरी के साथ एक तरफ जहां अक्षय कुमार के करियर को एक नई पहचान दी थी वहीं दूसरी तरफ सुनील शेट्टी, अक्षय कुमार और परेश रावल की तिकड़ी को सुपरहिट बना दिया था।


Click it and Unblock the Notifications











