प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लता मंगेशकर को दी जन्मदिन की बधाई, सोशल मीडिया पर लिखा खास पोस्ट
सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर आज अपना 92वां जन्मदिन मना रही हैं। दुनियाभर से चाहने वाले उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। अपनी आवाज से करोड़ों लोगों के दिल में खास जगह बनाने वालीं गायिका को देश- विदेश से संदेश मिल रहे हैं। वहीं, भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी लता मंगेशकर को सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट लिखकर जन्मदिन की बधाई है।
प्रधानमंत्री ने लता मंगेशकर को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, "आदरणीय लता दीदी को जन्मदिन की बधाई। उनकी सुरीली आवाज पूरी दुनिया में गूंजती है। भारतीय संस्कृति के प्रति उनकी विनम्रता और जुनून के लिए उनका सम्मान किया जाता है। व्यक्तिगत रूप से, उनका आशीर्वाद ताकत का स्रोत है। मैं लता दीदी के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।"

वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, "सादगी व सौम्यता की प्रतिमूर्ति स्वर कोकिला आदरणीय लता मंगेशकर दीदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं। लता दीदी ने अपनी मधुर आवाज से भारतीय संगीत को पूरे विश्व में गुंजायमान किया है। आप सदैव स्वस्थ रहें व दीर्घायु हों ऐसी ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।"
लगभग 36 भारतीय भाषाओं में गाने रिकॉर्ड कराने वालीं गायिका लता मंगेशकर को साल 2001 में भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' दिया गया था। उन्हें साल 1989 में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
बता दें, सेहत को ध्यान देखते हुए फिलहाल लता मंगेशकर फिल्मों में प्लेबैक सिंगिंग से दूर हैं। लेकिन ऐसा नहीं है कि उन्होंने रिटायमेंट ले लिया है। लता मंगेशकर ने कहा है कि, "मैं अपनी आखिरी सांस तक गाते रहूंगी।"


Click it and Unblock the Notifications











