एड्स की जागरूकता के लिए आईपीएल बना मंच

एचआईवी/एड्स की जागरूकता बढ़ाने के लिए 'किंग्स XI पंजाब' की सह-मालिक प्रीति ज़िंटा ने आईपीएल को एक मंच बनाया है.
हाल ही में प्रीति ज़िंटा को यूएनएड्स का ‘सद्भावना दूत’ बनाया गया है जिसके तहत वो देश भर में एचआईवी/एड्स से जुड़ी बातों का प्रचार करेंगी.
प्रीति ज़िंटा कहती हैं कि इस तरह के मुद्दों को लेकर जागरूकता बढ़नी चाहिए.
उन्होंने कहा, "जहां भी लोगों को इन चीज़ों के बारे में जानकारी नहीं होती वहां इसे एक कलंक माना जाता है और बहुत भेदभाव भी होता है. अगर इनके बारे में शिक्षा दी जाए तो लोग ऐसे मुद्दों को बेहतर समझेंगे."
एचआईवी के इस मुद्दे को जागरूक करने लिए प्रीति ने सबसे पहले आईपीएल को ही ज़रिया बनाया.
उन्होंने बताया, "'किंग्स XI पंजाब' के पहले मैच का टॉस एक एचआईवी पीड़ित से कराया जाएगा. इसके ज़रिए हम कहना चाहते हैं कि हमारी टीम में एचआईवी/एड्स को लेकर कोई भेदभाव नहीं है."
एचआईवी के इस मुद्दे को और जागरूक बनाने के लिए प्रीति, यूएनएड्स के लिए छोटी फ़िल्में भी बनाएंगी.
वो कहती हैं, "हमारी टीम 'किंग्स XI पंजाब' के कप्तान कुमार संगकारा, श्रीलंका से यूएनएड्स के ‘सद्भावना दूत’ हैं. संगकारा और हमारी टीम के सारे खिलाड़ी एक सार्वजनिक सेवा फ़िल्म करेंगे.”
प्रीति ने ये भी कहा, “मैं मानती हूं कि अगर जानी-मानी हस्तियां किसी भी चीज़ का प्रचार करने के लिए एक साथ जुड़ें तो संदेश बेहतर तरीके से फैलाया जा सकता है."
प्रीति ज़िंटा उम्मीद रखती हैं कि अपनी आईपीएल टीम से शुरुआत करते हुए इस मुद्दे को वो देश भर में और जागरूक कर पाएंगी.


Click it and Unblock the Notifications