IPL में अपनी टीम के हारने के बाद Preity Zinta ने संभाला होश, फाइनल के तीन बाद शेयर किया इमोशनल पोस्ट

Preity Zinta On Punjab Kings Loses IPL 2025: बॉलीवुड एक्ट्रेस और पंजाब किंग्स की मालिक प्रीति जिंटा ने अपनी टीम की IPL 2025 फाइनल में हार पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने अपनी टीम की तारीफ करते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर को 'सरपंच' कहकर पुकारा और फैन्स से वादा किया कि वे अगले साल ट्रॉफी जीतकर लौटेंगे।
फाइनल में पंजाब किंग्स को मिली 6 रन से हार
IPL 2025 का फाइनल पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। दोनों ही टीमों के पास पहली बार IPL ट्रॉफी जीतने का मौका था, लेकिन PBKS को RCB से 6 रन से हार का सामना करना पड़ा।
प्रीति जिंटा का भावुक इंस्टाग्राम पोस्ट
प्रीति जिंटा ने पंजाब किंग्स की पूरी टीम की एक ग्रुप फोटो शेयर करते हुए लिखा- 'मैच का अंत वैसा नहीं हुआ जैसा हम चाहते थे, लेकिन हमारा सफर कमाल का रहा। यह रोमांचक, मजेदार और इंस्पीरेशनल था। हमारी टीम और हमारे शेरों ने जिस जज्बे से खेला, उस पर मुझे गर्व है। हमारे कप्तान यानी सरपंच ने फ्रंट से लीड किया और अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों ने IPL में धूम मचा दी।'
मुश्किलों के बावजूद शानदार प्रदर्शन
प्रीति ने लिखा कि इस सीजन में टीम को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई खिलाड़ी चोटिल हुए। उनके टूर्नामेंट के बीच रुकावट हुई, वो भी ऑपरेशन सिंदूर की वजह से। यहां तक कि स्टेडियम खाली कराना पड़ा। इन सभी परेशानियों के बावजूद PBKS ने पूरे जोश के साथ वापसी की और एक दशक बाद पॉइंट्स टेबल में टॉप किया।
टीम और सपोर्ट स्टाफ को कहा शुक्रिया
प्रीति ने कहा कि उन्हें पंजाब किंग्स के हर खिलाड़ी पर गर्व है। साथ ही उन्होंने टीम के सपोर्ट स्टाफ और हर उस शख्स का शुक्रिया अदा किया जिसने इस शानदार सीजन में मेहनत की। फैंस का दिल से शुक्रिया अदा करते हुए प्रीति ने लिखा- 'हमारे शेर स्क्वॉड- हमारे फैंस को दिल से धन्यवाद, जिन्होंने हर हाल में हमारा साथ दिया। हम जहां तक पहुंचे हैं, वो आप सभी की वजह से है। मैं वादा करती हूं कि हम अगले साल वापसी करेंगे, क्योंकि अभी काम अधूरा है।'
क्या बोले फैन्स?
प्रीति जिंटा के इस इमोशनल पोस्ट पर फैंस जमकर प्यार लुटा रहे हैं। कई लोग कह रहे हैं कि टीम ने बहुत अच्छा खेला और जीत से बस एक कदम दूर रह गई। कुछ फैंस ने लिखा- 'अगली बार ट्रॉफी हमारी होगी'।


Click it and Unblock the Notifications











