दिल्ली में होगा प्रवासी फ़िल्म समारोह
मीरा नायर और दीपा मेहता की फ़िल्में तो देश-दुनिया में धूम मचाती रहीं हैं लेकिन अब कम चर्चित प्रवासी फ़िल्मकारों को भी भारतीय दर्शकों से रुबरु होने का अवसर मिलेगा.
इन फ़िल्मकारों को ये अवसर तीन से छह जनवरी तक दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में होने वाले प्रवासी फ़िल्म फ़ेस्टिवल 2010 के दौरान मिलेगा.
भारतीय प्रवासी फिल्म समारोह का आयोजन मासिक पत्रिका प्रवासी टूडे कर रहा है.
इस फ़िल्म समारोह के ज़रिए विदेशों में बसे भारतीय फ़िल्मकारों को अपने मूल निवास में अपने सिनेमा का प्रदर्शन करने का अवसर देना है.
प्रवासी फ़िल्म समारोह की शुरुआत ओम पुरी और शर्मिला टैगोर की फ़िल्म ‘लाइफ़ गोज़ ऑन’ से होगी. इस फ़िल्म का निर्देशन संगीता दत्ता ने किया है. फ़ेस्टिवल में डॉक्यूमेंट्री फ़िल्में भी दिखाई जाएँगी.
समारोह से जुड़े अभिनेता मनोज वाजपेयी कहते हैं कि कुछ नौजवान अप्रवासी फ़िल्मकार ग़जब की फ़िल्में बना रहे हैं. वाजपेयी ने कहा, "दीपा मेहता और मीरा नायर ने अप्रवासी भारतीयों के जीवन पर ख़ूबसूरत काम किया है. लेकिन हम इन बड़े नामों के अलावा कुछ और उभरते फ़िल्मकारों को भी पेश करेंगे."
समारोह में मशहूर ऐक्टर सईद जाफ़री को ‘लाइफ़ टाइम एचीवमेंट अवार्ड’ दिया जाएगा.
प्रवासी फ़िल्म समारोह में 20 फ़िल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा. इनमें ‘मानसून वेडिंग’, ‘99’, ‘द प्रेसीडेंट इज़ कमिंग’, ‘भविष्य – द फ़्यूचर’ और ‘इनर वर्ल्ड ऑफ़ शाहरुख़ ख़ान’ शामिल हैं.
प्रवासी फ़िल्म समारोह की घोषणा के लिए दिल्ली में हुए कार्यक्रम में मॉरिसस के राष्ट्रपति अनिरुद्ध जगन्नाथ भी मौजूद थे.
इस अवसर पर प्रवासी टूडे पत्रिका के विशेष अंक ‘मॉरिसस- दि डायसपोरा कैपिटल’ को भी जारी किया गया.


Click it and Unblock the Notifications