Prashant Tamang को जब आखिरी विदाई देने पहुंचीं उनकी नन्हीं बेटी, रो पड़ा हर शख्स, पत्नी का भी था बुरा हाल
Prashant Tamang last rites: दार्जिलिंग का मशहूर चौरास्ता उस वक्त गमगीन हो गया, जब इंडियन आइडल विजेता और एक्टर प्रशांत तमांग की पत्नी मार्था एले अपनी नन्ही बेटी के साथ उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचीं। ये नजारा जिसने भी देखा उसका कलेजा मुंह को आ गया। पति और पिता को खोने का दर्द मां-बेटी के चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था।

प्रशांत के पार्थिव शरीर के सामने खड़ी मार्था खुद को संभाल नहीं पा रही थीं और यह दृश्य वहां मौजूद हर शख्स को भावुक कर गया।
43 की उम्र में अचानक हुआ निधन
11 जनवरी को दिल्ली में 43 साल की उम्र में प्रशांत तमांग का निधन हो गया था। उनके अचानक चले जाने की खबर ने न सिर्फ म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री को, बल्कि उनके लाखों फैंस को भी झकझोर कर रख दिया। दार्जिलिंग, जहां से उन्होंने अपनी पहचान बनाई, वहां शोक की लहर दौड़ गई।
इससे पहले उनका पार्थिव शरीर बागडोगरा एयरपोर्ट लाया गया, जहां परिवार, दोस्त और चाहने वालों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। इसके बाद शव को दार्जिलिंग ले जाया गया और रास्ते भर लोग खड़े होकर अपने चहेते सिंगर को आखिरी सलाम करते नजर आए।
चौरास्ता में भावुक माहौल
दार्जिलिंग के मशहूर चौरास्ता में अंतिम दर्शन के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। मार्था और उनकी बेटी जब प्रशांत को अंतिम श्रद्धांजलि दे रही थीं, तो वहां मौजूद लोग भी अपने आंसू नहीं रोक पाए। शांत खड़े स्थानीय लोग और फैन यह बता रहे थे कि प्रशांत तमांग इस इलाके के लिए सिर्फ एक कलाकार नहीं, बल्कि गर्व का नाम थे।
पत्नी ने मौत को लेकर तोड़ी चुप्पी
रविवार को मार्था एले ने साफ किया कि प्रशांत की मौत स्वाभाविक कारणों से हुई थी। उन्होंने बताया कि वह नींद में ही इस दुनिया को अलविदा कह गए। मीडिया से बात करते हुए मार्था ने कहा कि उन्हें देश और विदेश से लगातार फोन, संदेश और फूल मिल रहे हैं। उन्होंने कहा, 'लोगों का प्यार मेरे लिए बहुत भावुक कर देने वाला है।'
अफवाहों पर लगाया विराम
प्रशांत की मौत को लेकर चल रही अटकलों पर भी मार्था ने स्थिति साफ कर दी। उन्होंने कहा कि इस मामले में कुछ भी संदिग्ध नहीं है और जब प्रशांत सो रहे थे, उसी दौरान उनका निधन हुआ। उस वक्त वह खुद उनके पास मौजूद थीं।
इंडियन आइडल से लेकर एक्टिंग तक का सफर
दार्जिलिंग में जन्मे प्रशांत तमांग ने अपने करियर की शुरुआत वेस्ट बंगाल पुलिस ऑर्केस्ट्रा से की थी। साल 2007 में इंडियन आइडल जीतने के बाद वह पूरे देश में मशहूर हो गए। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा और नेपाली फिल्मों में काम किया। 'गोरखा पल्टन' और 'निशानी' जैसी फिल्मों में उनका काम काफी सराहा गया। हाल के सालों में वह हिंदी प्रोजेक्ट्स में भी नजर आए, जिनमें 'पाताल लोक सीजन 2' शामिल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह सलमान खान की अपकमिंग फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' का भी हिस्सा बनने वाले थे।
पत्नी और बेटी को छोड़ गए प्रशांत
प्रशांत तमांग अपने पीछे पत्नी मार्था और एक छोटी बेटी को छोड़ गए हैं। एक बेहतरीन गायक, एक्टर और जमीन से जुड़े इंसान के तौर पर उनकी पहचान हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगी। उनकी आवाज, सादगी और संघर्ष की कहानी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।


Click it and Unblock the Notifications











