प्राण के बाद दिलीप कुमार भी हुए बीमार
इन दिनों लगता है कि मौसम ही बीमारियों का चल रहा है तभी तो बॉलीवुड के दिग्गज इसकी चपेट में है। कल खबर आयी थी कि बॉलीवुड के सबसे मशहूर खलनायक प्राण की हालत खराब है उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है जिसके चलते उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हालांकि उनके परिवार वाले कह रहे हैं कि प्राण की हालत चिंताजनक नहीं है उन्हें एहतियातन अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि आज खबर आयी है कि बॉलीवुड के इमोशनल किंग दिलीप कुमार भी बुखार की चपेट में है। जिस बात की जानकारी खुद दिलीप कुमार ने ट्विटर पर दी है।
दिलीप कुमार ने ट्विटर वॉल पर लिखा है कि उन्हें दो दिन से बुखार है शायद मौसम का असर है इसलिए डॉक्टर ने उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी है लेकिन दोस्तों चिंता मत करो, मैं ठीक हो जाऊंगा। दिलीप कुमार ने इससे पहले ट्विटर पर लिखा था कि वो इस बार अपना जन्मदिन धूम-धाम से नहीं मनायेंगे क्योंकि उनके साथी जो पिछले साल उनके जन्मदिन पर मौजूद इस साल दुनिया से चले गये हैं।
दिलीप कुमार ने जिन बिछुड़े साथियों के बारे में जिक्र किया है वो हैं सुपर स्टार राजेश खन्ना, रूस्तम दारा सिंह, शिवसेना सुप्रीमो बाल ठाकरे और किंग ऑफ रोमांस यश चोपड़ा। जिनसे दिलीप कुमार के बड़े अच्छे संबंध थे और जिनके चले जाने से वे बेहद आहत हैं। मालूम हो कि 11 दिसंबर को दिलीप कुमार 90 साल के हो जायेंगे, आपको बता दें कि दिलीप कुमार और प्राण ने साथ में राम और श्याम जैसी बड़ी हिट फिल्म दी है।

Click it and Unblock the Notifications












