Pradeep Sarkar के निधन पर ताहिर राज भसिन ने जताया शोक, बताया 'मर्दानी' के सेट पर कैसा था पहला दिन

Tahir Raj Bhasin on Pradeep Sarkar: मशहूर फिल्म निर्देशक प्रदीप सरकार का शुक्रवार (24 मार्च) को मुंबई में निधन हो गया। फिल्ममेकर हंसल मेहता ने सोशल मीडिया पर इस खबर की पुष्टि की है। 67 साल के प्रदीप सरकार लंबे समय से किडनी बीमारी से जूझ रहे थे। वो डायलिसिस पर चल रहे थे। उनके निधन पर फिल्म इंडस्ट्री के तमाम सेलेब्स शोक जता रहे हैं और उनसे जुड़ी यादें शेयर कर रहे हैं।
प्रदीप सरकार की फिल्म 'मर्दानी' से बॉलीवुड में खास जगह बनाने वाले अभिनेता ताहिर राज भसिन ने भी प्रतिक्रिया दी है। शोक जताते हुए ताहिर कहते हैं, "प्रदीप दादा के निधन के अत्यंत दुखद समाचार से नींद खुली। मर्दानी को लेकर मुझ पर भरोसा करने वाले शख्स के तौर पर मैं उन्हें हमेशा कृतज्ञता के साथ याद रखूंगा। वह एक उस्ताद थे जिनके अनुभव और मार्गदर्शन ने मुझे अपनी पहली फिल्म में अपनी पूरी क्षमता से अभिनय करने का आत्मविश्वास दिया।"
ताहिर ने आगे कहा, "वो मेरे मेंटर थे, लेकिन फिर उन्होंने मुझे मेरी जगह बनाने का वक्त दिया और उनकी खास बात थी। मुझे याद है कि मैं शूटिंग के पहले दिन बेहद नर्वस था। यह प्रोडक्शन हेवी दिन था, हम ट्रैफिक को रोक रहे थे और सेट पर 100 जूनियर आर्टिस्ट थे। एक डेब्यू एक्टर के लिए डराने वाला माहौल था। मेरे पहले टेक के बाद मैं सांस रोककर इंतजार कर रहा था क्योंकि वो बहुत ध्यान से मॉनिटर देख रहे थे। वो वक्त मुझे अनंत काल की तरह लगने लगा था.. तभी उन्होंने जोर से कहा, "यह बहुत अच्छा था!" वो दूरदर्शी थे, अपने समय से आगे। वह अपनी बनाई फिल्मों के साथ आज भी जीवित है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।"
बता दें, प्रदीप सरकार ने परिणीता, मर्दानी, लफंगे परिंदे, लागा चुनरी में दाग, डब्बा गुल और हेलिकॉप्टर इला जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। इसके अलावा उन्होंने कई वेब सीरीज भी बनाई। उन्होंने कई मशहूर विज्ञापन भी लिखे थे।


Click it and Unblock the Notifications












