पूजा हेगड़े हुई कोरोना पॉजिटिव, खुद को किया होम क्वारंटीन- हाल ही पूरी की थी गाने की शूटिंग
कोरोना महामारी का कहर फिल्म इंडस्ट्री पर भी साफ देखने को मिल रहा है। एक के बाद एक कई कलाकार कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। बीते दिन अभिनेत्री पूजा हेगड़े ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी की वो कोविड 19 पॉजिटिव हैं और उन्होंने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है। पूजा ने हाल ही में राम चरण के साथ एक गाने की शूटिंग हैदराबाद में पूरी की है।
कोरोना पॉजिटिव होने की खबर देते हुए पूजा ने ट्विटर पर लिखा, "हेलो, आप लोगों को सूचित करना है कि मेरा टेस्ट कोविड-19 पॉजिटिव आया है। सभी प्रॉटोकॉल्स को फॉलो करते हुए मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है और होम क्वारंटीन हूं। मेरे संपर्क में आए सभी से रिक्वेस्ट करती हूं कि अपना टेस्ट भी करा लें।"

अभिनेत्री ने आगे लिखा- "प्यार और सपॉर्ट के लिए शुक्रिया। स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रख रही हूं। घर पर रहें, सुरक्षित रहें और ध्यान रखें.." बता दें, एक्ट्रेस मुंबई में फैमिली के साथ रहती हैं।
जहां कोरोना का प्रभाव पूरे देश पर देखा जा रहा है, फिल्म इंडस्ट्री के भी कई कलाकार इसकी चपेट में आ चुके हैं। कई इस संक्रमण से उबर चुके हैं, जबकि कई ने दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। आमिर ख़ान, अक्षय कुमार, आलिया भट्ट, रणबीर कपूर, मिलिंद सोमन, परेश रावल, सोनू सूद, गोविंदा, नील नितिन मुकेश, तारा सुतारिया, भूमि पेडनेकर, कटरीना कैफ, विक्की कौशल जैसे कलाकार कोविड से संक्रमित हो चुके हैं।
पूजा हेगड़े की बात करें तो, वह रोहित शेट्टी की फिल्म सर्कस में रणवीर सिंह के साथ, सलमान खान के साथ कभी ईद कभी दीवाली और सुपरस्टार प्रभास के साथ पैन-इंडिया फिल्म राधेश्याम में नज़र आने वाली हैं।


Click it and Unblock the Notifications