कभी ईद कभी दिवाली की शूटिंग पर पहले ही दिन पूजा हेगड़े को मिला सलमान खान से तोहफा, देखिए तस्वीर
सलमान खान अपनी पूरी टीम के साथ अपनी अगली फिल्म कभी ईद कभी दिवाली की शूटिंग शुरू कर चुके हैं। इस फिल्म में सलमान खान के साथ पूजा हेगड़े, आयुष शर्मा, ज़हीर इक़बाल और शहनाज़ गिल दिखाई देंगे। अब शूटिंग के पहले ही दिन, पूजा हेगड़े को सलमान खान से एक खास तोहफा भी मिल गया है।
दरअसल, शूटिंग के पहले दिन, पूजा हेगड़े ने अपनी एक तस्वीर शेयर की जहां वो सलमान खान का मशहूर ब्रेसलेट लिए दिखाई दीं। अब फैन्स का मानना है कि ये ब्रेसलेट, सलमान खान ने ही पूजा हेगड़े को गिफ्ट किया है।

अगर शूटिंग की बात करें तो फिल्म के लिए एक बड़ा सा सेट तैयार किया गया है जहां 10 दिन तक शूटिंग चलेगी। ये एक मेट्रो स्टेशन का है। फिल्म की शूटिंग की शुरूआत एक एक्शन सीन के साथ हो चुकी है। ये शूट विले पार्ले के गोल्डन टुबैको फैक्ट्री में चल रही है। बात करें पूजा हेगड़े की तो ये साल उनके लिए काफी खास होने वाला है।

दिखा चुकी हैं केमिस्ट्री की झलक
सलमान खान के साथ फिल्म में आने से पहले, पूजा हेगड़े सलमान खान के साथ अपनी केमिस्ट्री की झलक स्टेज पर दिखा चुकी हैं। पूजा हेगड़े, इस साल, सलमान खान के दबंग टूर का हिस्सा थीं और इस टूर के दौरान, वो स्टेज पर सलमान खान के साथ थिरकती नज़र आईं। पूजा ने इस शो में जैकलीन फर्नांडीज़ को रिप्लेस किया था जिन्हें इस समय भारत से बाहर जाने की इजाज़त नहीं है और इसी वजह से वो इस शो का हिस्सा नहीं बन पाईं।

खास है ये साल
ये साल पूजा हेगड़े के लिए काफी खास हैं। तीन भाषाओं में उनकी तीन फिल्में दर्शक पहले ही देख रहे हैं। पूजा हेगड़े हिंदी और तेलुगू में राधेश्याम में दिखाई दीं। इस फिल्म में वो प्रभास के अपोज़िट दिखाई दे रही हैं। वहीं तमिल स्टार विजय के साथ वो बीस्ट में दिखाई दे रही हैं। इसके अलावा, चिरंजीवी की आचार्य से भी पूजा हेगड़े दर्शकों का दिल जीत रही हैं। लेकिन दिलचस्प ये है कि उनकी दो हिंदी फिल्में इसी साल रिलीज़ होंगी। कभी ईद कभी दिवाली, 2022 के अंत में 30 दिसंबर को रिलीज़ हो रही है।

क्रिसमस पर दिखेगी सर्कस
कभी ईद कभी दिवाली के अलावा, पूजा हेगड़े रोहित शेट्टी स्टारर सर्कस में रणवीर सिंह के अपोज़िट दिखाई देंगी। हाल ही में इस फिल्म का पहला पोस्टर रिलीज़ किया गया है। ये फिल्म मशहूर क्लासिक अंगूर का रीमेक है जो शेक्सपियर के नाटक कॉमेडी ऑफ एरर्स पर आधारित है। ये फिल्म क्रिसमस पर 23 दिसंबर 2022 को रिलीज़ हो रही है।

2016 में हुआ डेब्यू
पूजा हेगड़े ने 2016 में अपना डेब्यू किया था आशुतोष गोवारिकर की फिल्म मोहनजोदड़ो के साथ। पूजा हेगड़े के लिए ये ड्रीम डेब्यू था क्योंकि अपनी पहली ही हिंदी फिल्म में वो ऋतिक रोशन के साथ रोमांस करती दिखाई दी थीं। हालांकि, ये फिल्म बॉक्स ऑफिस और दर्शक दोनों ने नकार दी। जिसके बाद पूजा को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में थोड़ा संघर्ष करना पड़ा।

हाउसफुल 4 से की वापसी
इस बीच पूजा हेगड़े तमिल और तेलुगू फिल्मों से नाता नहीं तोड़ा और उन्होंने वापसी की अक्षय कुमार की फिल्म हाउसफुल 4 के साथ। इस फिल्म में पूजा हेगड़े के काम को सराहा गया। वहीं इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी काफी कमाल दिखाया।

दर्शकों ने फिर नकारा
इस साल, हिंदी दर्शकों ने पूजा हेगड़े को प्रभास स्टारर राधे श्याम में एक बार फिर नकार दिया है। लेकिन फिर भी पूजा हेगड़े अपनी अगली दो हिंदी फिल्मों के साथ तैयार हैं। उम्मीद है कि कभी ईद कभी दिवाली और सर्कस के साथ वो हिंदी दर्शकों का भी दिल जीत लेंगी।


Click it and Unblock the Notifications