राजनीति में ज्यादा कमाई नहीं होती: राहुल महाजन

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन के पुत्र राहुल महाजन का कहना है, "मेरे पास जो भी प्रस्ताव आएगा, मैं उसे करूंगा चाहे वह फिल्म हो, धारावाहिक हो अथवा रियलिटी शो। राजनीति पेशा नहीं है। सांसदों और विधायकों का वेतन ठीक से कपड़े खरीदने भर का भी नहीं होता। उन्हें हमेशा प्रायोजक नहीं मिल सकते जैसा कि रियलिटी शो में मिलते हैं।" हालांकि राहुल ने राजनीति में प्रवेश की संभावना से इंकार नहीं किया है।
पढें: राहुल से राजनीति करवाना चाहती हैं उनकी नई पत्नी
राहुल ने कहा, "मैं समझता हूं कि राजनीति मुझसे कभी दूर नहीं रही, लेकिन मनोरंजन उद्योग में मैं रोजी-रोटी कमाने के लिए बना रहूंगा। मैं खुद को व्यवस्थित करने की कोशिश कर रहा हूं। अगले आम चुनाव तक जमीनी स्तर पर काम करना है। मैं नेता बनूं या नहीं यह जनता को तय करना है, यह उनकी पसंद है। मैं नहीं चाहता कि पिछले दरवाजे से मुझे जनता पर थोपा जाए।"
राहुल इन दिनों हनीमून मनाने के लिए मालदीव जाने की योजना बना रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि विदेश जाने के लिए उनका पासपोर्ट अदालत से जारी कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि राहुल के खिलाफ दिल्ली की अदालत में ड्रग का मामला लंबित है। कार्यक्रम में बहन पूनम महाजन के अनुपस्थित रहने के मुद्दे पर राहुल ने कहा कि वह राजनीतिज्ञ हैं और यह कार्यक्रम टेलीविजन चैनल पर था, इसलिए वह नहीं आ सकीं।


Click it and Unblock the Notifications











