सदाशिव अमरापुरकर बहुमुखी प्रतिभा के लिए याद किए जाएंगे : नरेन्द्र मोदी
कलाकार सदाशिव अमरापुरकर के निधन पर फिल्म इंडस्ट्री समेत पूरा देश शोक जता रहा है। थियेटर और सामाजिक कार्यों में भी रूचि रखने वाले अमरापुरकर 64 वर्ष की आयु में फेफड़ों के संक्रमण से पीड़ित थे। काफी समय तक इलाज चलने के बाद रविवार रात को उनकी मृत्यु हो गई।
अभिनेता सदाशिव अमरापुरकर की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवेदना जताते हुए कहा कि वह अपने बहुमुखी प्रतिभा के लिए याद किए जाएंगे। मोदी ने ट्विटर पर संवेदना जाहिर करते हुए कहा कि हम सदाशिव अमरापुरकर को बहुमुखी प्रतिभा के धनी और सभी पीढ़ियों के बीच लोकप्रिय अभिनेता के रूप में याद करेंगे। उनकी आत्मा को शांति मिले। मैं उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना जाहिर करता हूं।
आपको बता दें, सदाशिव को फेफड़े में संक्रमण के कारण मुंबई स्थित कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सदाशिव की बेटी रीमा ने बताया कि उनका रविवार रात 2.45 बजे निधन हो गया। अंतिम संस्कार उनके गृह नगर अहमद नगर में अगले दिन किया जाएगा। उनका शव भैदास ऑडिटोरियम में रखा जाएगा, जहां लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। 64 साल के सदाशिव के परिवार में उनकी पत्नी और तीन बेटियां हैं।
अमरापुरकर की आखिरी फिल्म 2012 में आई 'बांबे टॉकीज' थी, जिसमें वे एक छोटे किंतु दमदार भूमिका में दिखे थे। वह पिछले कुछ सालों से सिर्फ चुनिंदा फिल्में ही कर रहे थे और सामाजिक कार्यों में ज्यादा रूचि ले रहे थे।


Click it and Unblock the Notifications












