आदिपुरूष के राम - सीता - लक्ष्मण: प्रभास - कृति सैनन - सनी सिंह की डांस रिहर्सल शुरू, देखिए तस्वीरें
तान्हाजी की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद डायरेक्टर ओम राउत 350 करोड़ के बजट पर आदिपुरूष नाम की एक पौराणिक फिल्म बना रहे हैं जो रामायण पर आधारित है। फिल्म में प्रभास भगवान राम, कृति सैनन माता सीता, सैफ अली खान लंकेश और सनी सिंह लक्ष्मण के किरदार में दिखाई देने वाले हैं। अब फिल्म के लिए राम - सीता - लक्ष्मण ने डांस रिहर्सल भी शुरू कर दी है।
मंगलवार की शाम को ये तीनों एक्टर्स एक साथ स्टूडियो से बाहर जाते दिखाई दिए और माना जा रहा है कि तीनों का ये डांस रिहर्सल सेशन था। अब राम - सीता - लक्ष्मण के साथ ओम राउत कैसा डांस शूट करेंगे, ये सोच कर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ चुकी है।

गौरतलब है कि फिल्म में सैफ अली खान लंकेश की भूमिका में दिखाई देने वाले हैं। इससे भी दिलचस्प बात ये है कि इस रामायण के वर्जन के साथ दो और रामायण की तैयारी चल रही है। एक जिसे बजरंगी भाईजान और बाहुबली के लेखक, केवी विजयेंद्र लिख रहे हैं और दूसरी जिसे मधु मंटेना के लिए नितेश तिवारी बना रहे हैं और जिसका एलान दीवाली 2021 पर भव्य तरीके से होना है।
नितेश तिवारी की रामायण के लिए रणबीर कपूर को राम, दीपिका पादुकोण को सीता और ऋतिक रोशन को रावण के किरदारों के लिए फाईनल माना जा रहा है। यानि कि दोनों फिल्मों में जमकर घमासान और तुलना की जा सकती है।

आगे बढ़ती चली जा रही है फिल्म
फिल्म की टेस्ट शूटिंग हाल ही में पूरी की गई है। इस टेस्ट शूट में प्रभास और सैफ के लिए सारी तैयारी पहले ही करके रखी गई थी जिससे कि उन्हें नई तकनीकों के साथ शूट करने में कोई दिक्कत ना आए। हालांकि, शूट से पहले ही फिल्म के सेट पर ज़बरदस्त आग लग गई जिससे कि टीम को काफी नुकसान भी हुआ था और सारा प्लान आगे खिसक गया। इसके बाद कोरोना की वजह से फिल्म और आगे बढ़ती चली जा रही है।

सैफ अली खान की फिसली ज़ुबान
फिल्म के शुरू होने से पहले ही फिल्म को लेकर कंट्रोवर्सी भी हो चुकी है। सैफ अली खान ने फिल्म में रावण के किरदार के बारे में बात करते हुए कहा था कि हम रावण को एक अच्छे इंसान के तौर पर दिखाना चाहते हैं जिसने सीता का अपहरण, केवल अपनी बहन की बेइज़्जती का बदला लेने के लिए किया। इसके बाद काफी बवाल मच गया था।

सामने आ चुका है लुक
फिल्म से सैफ अली खान का एक लुक भी सामने आ चुका है जिसके हिसाब से सैफ अली खान इस फिल्म में एक शिव जी के टैटू और नीली आंखों के साथ दिखाई दे सकते हैं। फिल्म 3d में बनाने की योजना है।

सैफ के काम से प्रभावित
माना जा रहा है कि फिल्म में रावण के किरदार के लिए सैफ अली खान 11 करोड़ रूपये फीस के तौर पर ले रहे हैं। ओम राउत, सैफ अली खान के साथ तान्हाजी में काम करके उनके काम से बेहद प्रभावित थे। हालांकि, सैफ अपने किरदार से ज़्यादा संतुष्ट नहीं थे। इसलिए इस बार सैफ फिल्म तभी करेंगें जब हीरो और विलेन दोनों के किरदार टक्कर के होंगे।

प्रभास का वायरल लुक
माना जा रहा है कि जिस तरह से ओम राउत ने इन किरदारों को डिज़ाइन किया है, लोगों को ये बहुत ही ज़्यादा पसंद आएगा। वहीं प्रभास का कहना है कि देश के युवाओं को ये फिल्म काफी पसंद आएगी। फिल्म से प्रभास के राम का लुक काफी वायरल हो चुका है। हालांकि ये लुक फैन्स ने ही डिज़ाइन किया है।

बेहद उत्साहित हैं प्रभास
फिल्म के बारे में बात करते हुए प्रभास बता चुके हैं कि हर किरदार का अपना चैलेंज होता है लेकिन ऐसा किरदार निभाना वास्तव में बहुत कठिन होगा। वहीं इसे निभाने के लिए बहुत ही ज़िम्मेदारी की ज़रूरत है। मैं इसे निभाने के लिए बहुत ही ज़्यादा उत्साहित हूं।

कौशल्या बनेंगी हेमा मालिनी?
फिल्म को अपनी सीता कृति सैनन में मिल चुकी हैं। इसके अलावा फिल्म में सोनू के टीटू की स्वीटी एक्टर सनी सिंह लक्ष्मण के किरदार में दिखाई देंगे। माना जा रहा है कि फिल्म में हेमा मालिनी को भी कौशल्या के किरदार के लिए अप्रोच किया गया है। कृति सैनन इस भव्य फिल्म में काम करने के लिए लगभग 15 किलो वज़न घटा चुकी हैं।

अफवाहों का बाज़ार
कौशल्या के अलावा माना जा रहा था कि फिल्म में बिग बॉस फेम सिद्धार्थ शुक्ला को मेघनाद और किच्चा सुदीप को विभीषण के किरदार के लिए अप्रोच किया गया है। दोनों ने ही इन खबरों का खंडन किया है। फिल्म के लिए प्रभास अपने धनुष कौशल और बॉडी पर लगातार काम कर रहे हैं वहीं सैफ अली खान अपनी ज़ुबान पर काम कर रहे हैं।

होगी अनूठा एक्सपेरिमेंट
350 करोड़ से ऊपर के भारी भरकम पर बन रही ये फिल्म वीएफएक्स और तकनीक के लिहाज़ से बेहद अनूठा एक्सपेरिमेंट होगी। सैफ अली खान और प्रभास दोनों के लिए ही ये दिलचस्प पीरियड ड्रामा होगा। दोनों ही अपने पिछले पीरियड ड्रामा तान्हाजी और बाहुबली से दर्शकों का दिल जीत चुके हैं। जहां एक तरफ बाहुबली, भारत की सबसे ज़्यादा कमाने वाली फिल्मों में से एक है वहीं तान्हाजी सैफ अली खान के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बन चुकी है।

अभी से तय है रिलीज़ डेट
फिल्म अब फ्लोर पर जा रही है और फिलहाल इसकी रिलीज़ डेट है 11 अगस्त 2022। यानि कि 2022 का 15 अगस्त वीकेंड, बॉक्स ऑफिस पर ओम राउत की इस फिल्म के नाम पर ब्लॉकबस्टर कमाई करेगा। देखना ये है कि अब कोरोना काल के बाद फिल्म की प्लानिंग में कितने बदलाव होते हैं और ये वाकई समय पर फ्लोर पर जा पाती है या नहीं।


Click it and Unblock the Notifications












