पवित्र रिश्ता की एक्ट्रेस का जरा सी उम्र में हुआ निधन, आखिरी पोस्ट देखकर फैंस की आंखों से रुक नहीं रहे आंसू!

Priya Marathe Passes Away: टीवी और मराठी फिल्मों की जानी-मानी एक्ट्रेस प्रिया मराठे (Priya Marathe) का निधन हो गया है। वह 31 अगस्त 2025 को मुंबई में दुनिया को अलविदा कह गईं। महज 38 साल की उम्र में कैंसर से लंबी लड़ाई लड़ने के बाद उन्होंने आखिरी सांस ली।
कैंसर से हार गईं प्रिया
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रिया पिछले एक साल से कैंसर से जूझ रही थीं। लगातार इलाज चलने के बावजूद उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो रहा था। महाराष्ट्र टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने अपने घर मीरा रोड, मुंबई में परिवार के बीच अंतिम सांस ली। इस खबर के सामने आते ही टीवी और मराठी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।
सोशल मीडिया से दूरी और आखिरी पोस्ट
बीमारी के दौरान प्रिया ने सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी। उनका आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट साल 2024 का है, जब वह अपने पति और एक्टर शांतनु मोगे (Shantanu Moghe) के साथ जयपुर घूमने गई थीं। उन्होंने वहां से आमेर किले (Amer Fort) की कई तस्वीरें शेयर की थीं। उनकी दूसरी आखिरी पोस्ट में वह मराठी लुक में नजर आई थीं- नऊवारी साड़ी और नथ पहने हुए। यह तस्वीर फैंस के बीच आज भी काफी पॉपुलर है। इसके बाद उन्होंने कोई नई पोस्ट नहीं की थी, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा था कि वह किसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं।
मुंबई में जन्मी और इंडस्ट्री में चमकी
प्रिया मराठे का जन्म 23 अप्रैल 1987 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने टीवी की दुनिया में कम उम्र से ही अपनी पहचान बना ली थी। हिंदी और मराठी दोनों इंडस्ट्री में उन्होंने काम किया और शानदार एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीता।
पवित्र रिश्ता से मिली पहचान
प्रिया मराठे को असली पहचान सीरियल 'पवित्र रिश्ता' में मिली, जिसमें उन्होंने वर्षा का रोल निभाया। यह किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि वह घर-घर में पहचानी जाने लगीं। इसके अलावा उन्होंने 'कसम से' में विद्या बाली और 'बड़े अच्छे लगते हैं' में ज्योति मल्होत्रा का किरदार निभाया। ये दोनों शो भी एकता कपूर के बैनर बालाजी टेलीफिल्म्स के प्रोजेक्ट थे।
दमदार करियर और हिट शोज
टीवी सीरियल्स के अलावा, प्रिया ने कॉमेडी सर्कस (सीजन 1) में भी हिस्सा लिया था और अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को खूब हंसाया।
उनके करियर में कई लोकप्रिय शोज शामिल रहे। जैसे- 'चार दिवस सासुचे', 'तू तिथे मी', 'स्वराज्यरक्षक संभाजी', 'या सुखानो या', 'साथ निभाना साथिया', 'तुझेच मी गीत गात आहे', 'भागे रे मन', 'जयस्तुते', 'भारत का वीर पुत्र - महाराणा प्रताप' आदि। इन सभी शोज ने उन्हें मराठी और हिंदी इंडस्ट्री दोनों में मजबूत पहचान दिलाई।
कैंसर के चलते छोड़ा शो
साल 2023 में प्रिया ने हेल्थ इश्यूज की वजह से मराठी शो 'तुझेच मी गीत गात आहे' को छोड़ दिया था। उस समय से ही उन्होंने पब्लिक अपीयरेंस से दूरी बना ली थी। इसी वजह से उनके फैन्स को शक हुआ कि वह किसी बड़ी बीमारी से जूझ रही हैं।
इंडस्ट्री और फैन्स में शोक
प्रिया मराठे के अचानक चले जाने से टीवी इंडस्ट्री सदमे में है। उनके को-स्टार्स और फैन्स सोशल मीडिया पर लगातार शोक संदेश लिख रहे हैं और उन्हें याद कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications











