अभिनेता पैट्रिक स्वेज़ी का निधन
मशहूर हॉलीवुड अभिनेता पैट्रिक स्वेज़ी का निधन हो गया है. वे पिछले डेढ़ साल से कैंसर से पीड़ित थे.
पिछले साल जनवरी में पता चला था कि पैट्रिक स्वेज़ी को पैनक्रिएटिक कैंसर है.
18 अगस्त 1952 में जन्मे पैट्रिक ‘डर्टी डासिंग’ और ‘घोस्ट’ जैसी सुपरहिट फ़िल्मों में काम कर चुके हैं. कोलकाता के इर्द-गिर्द घूमती ‘सिटी ऑफ़ ज्वाय’ में भी उन्होंने काम किया था.
उन्हें तीन बार गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड के लिए नामांकित किया जा चुका है.
एक बयान में कहा गया है, “पैट्रिक स्वेज़ी का सोमवार को निधन हो गया. उनका परिवार आख़िरी समय में साथ था. वे पिछले 20 महीनों से कैंसर से जूझ रहे थे.”
उनके साथ हिट फ़िल्म घोस्ट में काम करने वाली डेमी मूर ने अपने संदेश में कहा, “पैट्रिक.. आपको बहुत सारे लोग प्यार करते हैं और आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे. आपकी कमी मुझे बहुत खलेगी.”
बेहतरीन अभिनेता
जनवरी 2008 में स्वेज़ी ने कहा था कि उनकी ज़िंदगी के शायद दो ही साल बचे हैं हालांकि उन्होंने इस बात से इनकार किया था कि उनकी हालत इतनी ख़राब है कि वो मौत के करीब हैं.
एक इंटरव्यू में उन्होंने स्वीकार किया था कि वो डरे हुए हैं और बहुत मुश्किल दौर से गुज़र रहे हैं.
उनका कहना था, “क्या मैं मर रहा हूं ? क्या मैं हार मान रहा हूँ ? क्या मैं लोगों को अलविदा कह रहा हूँ ? बिल्कुल नहीं. मैं भविष्य के सपने देख रहा हूँ- दीर्घ आयु और स्वस्थ ज़िंदगी का सपना, ऐसी ज़िंदगी जो कैंसर के साये में न जी जा रही हो.”
कैंसर के बारे में पता चलने के बाद भी वे अमरीकी टीवी शो द बीस्ट में काम कर रहे थे. वे 1979 में फ़िल्म स्केटटाउन, यूएसए और 1983 में आउटसाइडर्स में नज़र आए.
फिर 1987 में आई उनकी फ़िल्म डर्टी डांसिंग ने ज़बरदस्त धूम मचाई और उन्हें गोल्डन ग्लोब के लिए नामांकित भी किया गया.
विशेषज्ञों का कहना है कि पैनक्रिएटिक कैंसर से बचने के आसार केवल पाँच फ़ीसदी ही होते हैं.


Click it and Unblock the Notifications