कभी प्रधानमंत्री की बीवी नहीं बनना चाहती परिणीति चोपड़ा, बोलीं- दुआ करती हूं राघव चड्ढा कभी ना बने PM

Raghav Chadha Parineeti Chopra: कुछ समय पहले खबर आई थी कि परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में दिखाई देने वाले हैं। दोनों शूटिंग के लिए सेट पर भी पहुंचे थे, लेकिन उस वक्त राघव की मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे उन्हें शूटिंग बीच में ही छोड़नी पड़ी। अब इस कपल ने शो की शूटिंग पूरी कर ली है, क्योंकि हाल ही में शो का एक नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें परिणीति और राघव सेट पर मजेदार बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान दोनों ने कई दिलचस्प खुलासे भी किए।
'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के नए प्रोमो में दिखाया गया है कि कपिल शर्मा सबसे पहले परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा का गर्मजोशी से स्वागत करते हैं। इसके बाद कपिल मजाकिया अंदाज़ में राघव से पूछते हैं आपने क्या मन्नत मांगी थी कि अगर मेरी परी से शादी हुई, तो मैं कपिल के शो में नंगे पांव आऊंगा?
इस पर राघव मजाक में कहते हैं, "मैं तो पीछे बैठा था, तभी किसी ने बैकस्टेज से मेरे जूते चुरा लिए।" इसके बाद शो में कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा की एंट्री होती है, जो राघव को "जीजू" कहकर पुकारते हैं और जूतों के बदले पैसों की मांग करने लगते हैं। इस पर राघव हंसते हुए जवाब देते हैं, "आप नेता की जेब से पैसे निकलवाना चाहते हैं?"
पहली मुलाकात के बाद परिणीति ने किए ये गूगल सर्च
इसके बाद प्रोमो में कपिल, राघव और परिणीति से उनकी पहली मुलाकात के बारे में सवाल करते हैं। इस पर परिणीति बताती हैं, "हम पहली बार लंदन में मिले थे।" राघव हंसते हुए जोड़ते हैं, "उस मुलाकात के बाद इसने (परिणीति ने) लैपटॉप खोला और सबसे पहले गूगल पर सर्च किया - 'Raghav Chadha height'।"
अंत में राघव मजाक में कहते हैं, "ये जो भी कहती है, उसके बिल्कुल उल्टा हो जाता है। इसने कभी कहा था कि मैं जिंदगी में किसी नेता से शादी नहीं करूंगी और अब इसकी शादी एक नेता से हो गई। इसलिए अब मैं रोज सुबह इसे उठाकर कहता हूं बोलो, राघव चड्ढा कभी भी भारत के प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे।" ये बात सुनकर वहां मौजूद सभी लोग जोर-जोर से हंसने लगते हैं।


Click it and Unblock the Notifications















