परिणीति चोपड़ा ने शूटिंग से पहले छोड़ी रणबीर कपूर की फिल्म एनिमल, RRR सहित कर चुकी हैं 10 फिल्में रिजेक्ट
परिणीति चोपड़ा के पास इस वक्त उनके करियर के दो सबसे अहम प्रोजेक्ट्स हैं - पहली फिल्म है सूरज बड़जात्या की फिल्म ऊंचाऊ और दूसरी फिल्म है संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म एनिमल। दोनों ही फिल्में मल्टीस्टारर हैं। लेकिन अब परिणीति चोपड़ा ने रणबीर कपूर, अनिल कपूर, बॉबी देओल स्टारर एनिमल छोड़ दी है।
एनिमल की शूटिंग, इस साल अप्रैल में शुरू होने वाली है और शूटिंग शुरू होने से पहले ही परिणीति चोपड़ा ने इस फिल्म को साईन करने के बाद छोड़ने का फैसला किया है। इस फिल्म में परिणीति चोपड़ा रणबीर कपूर की पत्नी के किरदार में दिखाई देने वाली थी।

माना जा रहा था कि ये फिल्म एक ग्रे फैमिली ड्रामा है और दर्शक फिल्म का अनाउंसमेंट पोस्टर देखने के बाद से ही इस फिल्म के लिए उत्साहित थे। इसके अलावा, परिणीति, अमिताभ बच्चन, बमन ईरानी, डैनी स्टारर सूरज बड़जात्या की फिल्म ऊंचाई कर रही हैं। इसके अलावा, उनका नाम, साजिद नाडियाडवाला और वरूण धवन की एक फिल्म के साथ भी जोड़ा जा रहा है।
इन सब अहम प्रोजेक्ट्स के बीच परिणीति रणबीर कपूर स्टारर एनिमल छोड़ दी है। वैसे ये उनके करियर की पहली फिल्म नहीं है जो परिणीति ने रिजेक्ट की है। परिणीति ने अपने करियर में पहले भी 10 बड़ी फिल्में रिजेक्ट की हैं जिनमें एस एस राजामौली की RRR भी शामिल है।

नहीं करना था आर आर आर का कैमियो
आर आर आर में परिणिती चोपड़ा को सीता के किरदार के लिए अप्रोच किया गया था। लेकिन परिणीति चोपड़ा इतने बड़े डायरेक्टर की फिल्म में इतना छोटा सा कैमियो करने में सहज नहीं थी। इसलिए परिणीति ने इस ऑफर को हां करने में काफी टाईम लगाया। इस बीच एस एस राजामौली ने भी परिणीति की हां या ना का इंतज़ार किए बिना ही इस फिल्म का ऑफर आलिया भट्ट को भी दिया जिन्होंने बिना वक्त गंवाए इस फिल्म को हां कह दिया।

सबसे बड़ा झटका
परिणीति चोपड़ा ने एक इंटरव्यू में बताया कि उनके करियर की सबसे बड़ी गलती थी शूजित सरकार की फिल्म पीकू को रिजेक्ट करना। परिणीति के रिजेक्ट करने के बाद ये फिल्म दीपिका पादुकोण के पास पहुंची थी। परिणीति का कहना था कि ये फिल्म उनके हाथ से एक कन्फ्यूजन के चलते गई। उस समय वो किसी और फिल्म को अपनी तारीखें दे चुकी थीं। बाद में वो फिल्म भी कभी शुरू ही नहीं हुआ और दीपिका पादुकोण, पीकू को हां कह चुकी थीं।

हंसी तो फंसी
हंसी तो फंसी, अनुराग कश्यप की फैंटम फिल्म्स बना रही थी और जब ये फिल्म बनना शुरू हुई थी तो इस फिल्म के हीरो थे सुशांत सिंह राजपूत। तब तक सुशांत ने अपना फिल्म डेब्यू नहीं किया था। और वो बड़े टीवी स्टार थे। लेकिन परिणीति चोपड़ा किसी टीवी स्टार के साथ फिल्म नहीं करना चाहती थीं। बाद में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने इस फिल्म में परिणीति के साथ काम किया। हालांकि, परिणीति ने भी बाद में सुशांत सिंह राजपूत के साथ शुद्ध देसी रोमांस में काम किया था।

महेश बाबू के साथ स्पाईडर
परिणीति चोपड़ा महेश बाबू की फिल्म स्पाईडर के साथ अपना तेलुगू डेब्यू करने वाली थीं। इस फिल्म के लिए परिणीति को सबसे पहले अप्रोच किया गया था और परिणीति ने फिल्म को हां भी कर दिया था लेकिन इसके बाद परिणीति के पास इस फिल्म के लिए डेट्स नहीं थीं और उन्हें स्पाईडर का ऑफर रिजेक्ट करना पड़ा।

किक
सलमान खान स्टारर किक में भी परिणीति चोपड़ा को एक रोल ऑफर किया गया था लेकिन परिणीति चोपड़ा ने बड़ी ही समझदारी के साथ इसे रिजेक्ट कर दिया। परिणीति किसी भी खान की ऐसी किसी फिल्म में काम नहीं करना चाहती थीं जहां उनके पास ज़्यादा कुछ करने को ना हो। बाद में परिणीति को आदित्य चोपड़ा सुलतान में लेना चाहते थे लेकिन सलमान खान अड़ गए कि फिल्म में परिणीति चोपड़ा नहीं होंगी।

साहो
बाहुबली की सफलता के बाद प्रभास के अगले प्रोजेक्ट साहो के लिए पहली पसंद थीं परिणीति चोपड़ा। इस फिल्म में काम करने के लिए परिणीति की केवल एक ही शर्त थी कि फिल्म हिंदी में भी बनेगी। लेकिन उस समय उनकी इस डिमांड को मंज़ूर नहीं किया गया था और फिल्म को परिणीति ने तुरंत छोड़ दिया था। बाद में श्रद्धा कपूर ने परिणीति को इस फिल्म में रिप्लेस किया था।

अजीत की वलीमई
परिणीति चोपड़ा को बोनी कपूर ने अजीत स्टारर फिल्म वलीमई के लिए अप्रोच किया था और सब कुछ तय हो चुका था। लेकिन फिर परिणीति के पास कुछ अच्छे ऑफर आए और उन्हें अजीत की ये फिल्म छोड़नी पड़ी। वलीमई की तारीखें परिणीति की बाकी फिल्मों की शूटिंग के साथ क्लैश कर रही थी।

काबिल
ऋतिक रोशन स्टारर काबिल में भी यामी गौतम के किरदार के लिए पहले परिणीति चोपड़ा को अप्रोच किया गया था। लेकिन परिणीति इतना छोटा रोल करना ही नहीं चाहती थीं। इसलिए परिणीति ने ये ऑफर रिजेक्ट कर दिया। वहीं खबरें थीं कि विकास बहल ने परिणीति को ऋतिक रोशन स्टारर सुपर 30 के लिए भी अप्रोच किया था। लेकिन परिणीति ने इन खबरों का खंडन किया था।

भुज द प्राइड ऑफ इंडिया
भुज द प्राइड ऑफ इंडिया में परिणीति चोपड़ा और सोनाक्षी सिन्हा फिल्म की ओरिजिनल कास्ट थीं। लेकिन फिल्म साईन करने के बाद परिणीति को ऐसा लगा कि सोनाक्षी का किरदार फिल्म में ज़्यादा दमदार है और यही कारण था कि परिणीति ने भुज छोड़ने में ज़रा भी वक्त नहीं लगाया। बाद में नोरा फतेही ने फिल्म में परिणीति को रिप्लेस किया।

अब छोड़ दी एनिमल
अब परिणीति चोपड़ा ने रणबीर कपूर स्टारर एनिमल शूटिंग से कुछ समय पहले ही छोड़ दी है। देखना है कि इतनी जल्दी फिल्म को परिणीति चोपड़ा का रिप्लेसमेंट मिलता है या नहीं। अगर परिणीति का करियर ग्राफ देखा जाए तो वो कोई फिल्म तभी छोड़ती हैं जब उनकी डेट्स Overlap हों और परिणीति को एक प्रोजेक्ट चुनना पड़े। ये देखना दिलचस्प होगा कि परिणीति ने रणबीर कपूर की फिल्म किस फिल्म के लिए छोड़ी है। आजकल परिणीति टीवी शो हुनरबाज़ में जज के तौर पर दिखाई दे रही हैं।


Click it and Unblock the Notifications











