एक साथ पचास लोगों ने Taimur Ali Khan का किया पीछा, किसी ने गाड़ी घेरी तो कोई घर के गेट पर चढ़ा

Taimur Ali Khan Followed By Paparazzi: बी-टाउन के जाने-माने पैपराजी वरिंदर चावला ने हाल ही में एक भयानक घटना को याद किया, जब उन्होंने सैफ अली खान और करीना कपूर के बेटे तैमूर अली खान की कार का पीछा करते हुए लगभग 50 लोगों को देखा, जब वह मुंबई में ट्यूशन के लिए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि घटना के बाद, उन्हें सैफ का फोन आया कि वह स्कूल और ट्यूशन जाते समय अपने बेटे की तस्वीरें न लें।
चावला ने कहा कि करीना और सैफ दोनों ने ही कभी भी पैपराजी को उन्हें और उनके बच्चों की तस्वीरें लेने से नहीं रोका और वे हमेशा सपोर्टिव रहे हैं। उन्होंने कहा कि तैमूर की तस्वीरों की मांग ऑनलाइन बढ़ती जा रही है और जिस दिन पैपराजी उनकी तस्वीरें पोस्ट नहीं करते, तो नेटिज़ेंस उनसे पूछते कि तस्वीरें कहां हैं।
उन्होंने कहा, "इतनी मांग बढ़ गई थी कि हम क्या करते? हम उन्हें चौबीसों घंटे ट्रैक करते थे। जब वह खेलता था, स्कूल जाता था या अपने माता-पिता के साथ बाहर जाता था, तो हम उसका पीछा करते थे। बच्चे की निजी जिंदगी में हम लोगों ने डिस्टर्ब करना शुरू कर दिया था।" उन्होंने कहा कि तब सैफ-करीना ने पैपराजी से रिक्वेस्ट की कि वे तैमूर का स्कूल और दूसरे पब्लिक प्लेसेस पर पीछा न करें।
चावला ने एक घटना को याद करते हुए बताया कि जब वह अपनी टीम के एक सदस्य के साथ बाइक पर बैठकर तैमूर की तस्वीर लेने जा रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि करीब 50 बाइकें तैमूर का पीछा कर रही थीं। उन्होंने कहा, "मैं हिल गया। मुझे हैरानी हुई कि वे 50 लोग कहां से आ गए। कुछ लोग गेट पर चढ़ गए, अन्य ने उनकी कार को घेर लिया जैसे कि वे उन पर हमला करने जा रहे हों। मैं डर गया और मुझे एहसास हुआ कि यह गलत था।"
सैफ और करीना के बड़े बेटे तैमूर का जन्म 2016 में हुआ था और वह उसी समय से रातोंरात सनसनी बन गया जब उसकी पहली तस्वीर ऑनलाइन पोस्ट की गई थी। सितारों ने पहले कहा था कि वे चाहते हैं कि उनके बेटे का बचपन नॉर्मल हो और वे उन्हें पैप से छिपाने में विश्वास नहीं करते क्योंकि वे भी उनके जीवन का एक हिस्सा हैं।


Click it and Unblock the Notifications











