जब 'पड़ोसन' पर दिल हार बैठे पंकज उधास, दूसरे धर्म की एयर होस्टेस से रचाई शादी, ताउम्र रहा ये मलाल

Pankaj Udhas Love Story: दिग्गज सिंगर पंकज उधास की रुहानी आवाज का सुर कोई भी पहचान लेते था लेकिन अब ये सुर किसी नए गाने में सुनाई कभी नहीं देगा। पंकज उधास का 73 साल की उम्र में निधन हो गया है। लंबी बीमारी के बाद उन्होंने अस्पताल में ही आखिरी सांस ली है। सिंगर के निधन की खबर सामने आते ही बॉलीवुड में शोक लहर दौड़ पड़ी है। पंकज उधास अब भले ही हमारे बीच मौजूद नहीं हैं, लेकिन 'चिट्ठी आई है', 'और आहिस्ता कीजिए बातें' जैसे उनके गाने हमेशा लोगों के दिलों में अमर रहेंगे।
पंकज उधास ने जितनी सफलता इंडस्ट्री में हासिल की उससे भी कहीं ज्यादा दिलचस्प उनकी पर्सनल लाइफ रही है। पंकज उधास का जन्म 17 मई 1951 के दिन गुजरात के जेतपुर में हुआ था। पंकज की गजलें जितनी दिलकश हैं, उनकी लव स्टोरी उससे ज्यादा हसीन है। दरअसल, पंकज अपनी पड़ोसन के हाथों दिल हार गए थे और अपने इश्क को मुकम्मल करने के लिए धर्म की दीवार भी लांघ दी थी।
यह उस दौर की बात है, जब पंकज ग्रैजुएशन कर रहे थे। उस दौरान उनकी नजरें अपने पड़ोस में रहने वाली एयर होस्टेस फरीदा से लड़ गईं और पहली ही नजर में वह अपना दिल हार गए थे। दरअसल, एक पड़ोसी ने ही पंकज और फरीदा की मुलाकात कराई थी। मुलाकातों का यह सिलसिला धीरे-धीरे बढ़ने लगा और दोनों एक-दूजे के करीब आते चले गए।
एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खाने के बाद पंकज और फरीदा ने अपने घरवालों को अपनी मोहब्बत की जानकारी दी। पंकज की फैमिली तो इस रिश्ते के लिए तुरंत तैयार हो गई, लेकिन फरीदा के घरवाले कतई राजी नहीं थे। दरअसल, फरीदा पारसी समुदाय से ताल्लुक रखते थे और वह अपनी कम्युनिटी से बाहर शादी करने के लिए तैयार नहीं थे। फरीदा के पिता रिटायर्ड पुलिस ऑफिसर थे, जब उन्हें मनाया गया तो वह पंकज से मुलाकात के लिए तैयार हो गए। उन्होंने पंकज से कहा कि अगर आपको ऐसा लगता है कि आप एक साथ खुश रहेंगे तो आगे बढ़ें और शादी करें।
पंकज उधास साहब ने अपने जीवन में कई पुरस्कार जीते। उनके गाने देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी काफी लोकप्रिय थे, लेकिन इन सब उपलब्धियों के बावजूद उन्हें ताउम्र एक बात का मलाल सताता था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पद्मश्री पंकज उधास ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था उन्होंने अपने जीवनकला में कई गानें गाये , लेकिन उनके गानों को शराबियों के साथ जोड़ा जाता था। उन्होंने अपने पूरे करियर के दौरान केवल 20-25 ही शराब से जुड़े गाने गाए थे, लेकिन उन्हें लगता था कि अधिकतर समय शराब पीते समय ही उनके गाने सुने जाते थे।


Click it and Unblock the Notifications















