बैक टू बैक सुपरहिट फिल्मों के बाद- धमाकेदार हॉलीवुड डेब्यू के लिए तैयार पंकज त्रिपाठी
अभिनेता पंकज त्रिपाठी इन दिनों अपने बेहतरीन समय में हैं। बॉलीवुड में बैक टू बैक हिट फिल्मों का हिस्सा बनने के बाद अब पंकज त्रिपाठी हॉलीवुड फिल्मों में भी डेब्यू कर रहे हैं। जी हां, पंकज त्रिपाठी हॉलीवुड फिल्म 'ढाका' में नजर आएंगे। इस फिल्म में पंकज के साथ फिल्म 'एवेंजर्स' फेम क्रिस हेम्सवर्थ भी नज़र आएंगे।
गौरतलब है कि इस फिल्म की शूटिंग 2018 नवंबर में ही शुरु हो चुकी थी। फिल्म का कुछ हिस्सा मुंबई और अहमदाबाद में फिल्माया गया है। वहीं, पंकज त्रिपाठी फिल्म की टीम को थाइलैंड में ज्वॉइन करेंगे। सैम हारग्रेव के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी का किरदार भी काफी महत्वपूर्ण है। फिल्म में उनके अलावा रणदीप हुड्डा, मनोज वाजपेयी, डेविड हार्बर और गुलशिफ्ते फरहानी जैसे बॉलीवुड भी सितारे नज़र आएंगे।

ढाका, एक थ्रिलर फ़िल्म है और इसे नेटफ्लिक्स ओरिजिनल के तौर पर रिलीज़ किया जायेगा। जाहिर है भारतीय दर्शकों को भी फिल्म का बेसब्री से इंतजार रहेगा।
पंकज त्रिपाठी की बात करें तो न्यूटन, मिर्जापुर, बरेली की बर्फी, स्त्री जैसी फिल्मों से उन्होंने खूब पॉपुलैरिटी बटोरी है। फिल्मों के साथ साथ OTT प्लैटफॉर्म पर भी पंकज त्रिपाठी हिट रहे हैं। वहीं इनकी आने वाली फिल्में हैं- सुपर 30, वर्ल्ड कप 83, लुका छिपी, ड्राइव.. जबकि वेबसीरिज सेक्रेड गेम्स का दूसरा हिस्सा भी इस साल शुरु होने वाला है।


Click it and Unblock the Notifications