पंकज धीर के जाने से इंडस्ट्री में मातम, दुख में डूबे निकितिन को गले लगाते नजर आए सलमान खान, वीडियो वायरल

Salman Khan attends Pankaj Dheer funeral: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर पंकज धीर के निधन की खबर से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। 68 साल की उम्र में मुंबई में उन्होंने कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद आखिरी सांस ली। उनके निधन के बाद आज (15 अक्टूबर) मुंबई के पवन हंस, विले पार्ले (पश्चिम) में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर कई बॉलीवुड और टीवी सितारे उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
सलमान खान पहुंचे अंतिम संस्कार में
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान भी पंकज धीर को आखिरी अलविदा कहने पहुंचे। सलमान का पंकज धीर और उनके बेटे निकितिन धीर के साथ काफी करीबी रिश्ता रहा है। एक्टर को ऑलिव ग्रीन शर्ट में देखा गया, उनके साथ उनकी सिक्योरिटी टीम भी मौजूद थी। सलमान ने इमोशनल निकितिन को गले लगाकर सांत्वना दी और इस मुश्किल समय में उनके परिवार का साथ दिया।
साथ में की थीं कई फिल्में
सलमान और पंकज धीर ने 'तुमको ना भूल पाएंगे' फिल्म में साथ काम किया था। वहीं, सलमान और निकितिन ने 'रेडी', 'दबंग 2' और 'अंतिम: द फाइनल ट्रुथ' जैसी फिल्मों में स्क्रीन शेयर की थी।
परिवार में पसरा मातम
पंकज धीर अपने पीछे पत्नी अनीता धीर, बेटे निकितिन धीर, बहू कृतिका सेंगर और तीन साल की पोती देविका को छोड़ गए हैं। अंतिम संस्कार के दौरान परिवार के साथ-साथ इंडस्ट्री के कई सितारे भी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
अमित बहल ने जताया दुख
एक्टर अमित बहल ने मीडिया को बताया कि पंकज धीर कुछ साल पहले बीमार हुए थे, लेकिन बाद में ठीक होकर फिर से काम करने लगे थे। उन्होंने कहा- 'करीब चार महीने पहले मेरी उनसे बात हुई थी, वो बिल्कुल ठीक लग रहे थे। उनके निधन की खबर सुनकर हम सब हैरान हैं। ये वाकई बहुत दुखद है।'


Click it and Unblock the Notifications











