स्मृति मंधाना-पलाश मुच्छल की शादी कैंसिल, पलाश मुच्छल ने तोड़ा रिश्ता, बोले- मैं उससे मूव ऑन कर रहा हूं

Palash Muchchal Smriti Mandhana Break Up: म्यूजिशियन पलाश मुच्छल और स्मृति मंधाना की शादी काफी विवादों में आ गई थी। पलाश मुच्छल और स्मृति मंधाना ने अपनी शादी कैंसिल करते हुए सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी किए हैं।
स्मृति मंधाना ने सोशल मीडिया पर अपना बयान जारी किया है। उन्होंने लिखा, "पिछले कुछ सप्ताह से मेरे जीवन को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं और मुझे लगता है कि इस समय मेरे लिए खुलकर बोलना जरूरी है। मैं बहुत निजी इंसान हूं और मैं इसे इसी तरह रखना चाहती हूं, लेकिन मुझे यह स्पष्ट करना होगा कि शादी रद्द कर दी गई है। मैं इस मामले को यहीं समाप्त करना चाहती हूं और आप सभी से भी यही करने की विनती करती हूं। मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि इस समय दोनों परिवारों की निजता का सम्मान करें और हमें अपनी गति से आगे बढ़ने का समय दें।"
मंधाना ने लिखा, "मेरा मानना है कि हम सभी के पीछे एक बड़ा उद्देश्य है और मेरे लिए वह उद्देश्य हमेशा अपने देश का सर्वोच्च स्तर पर प्रतिनिधित्व करना रहा है। मैं उम्मीद करती हूं कि मैं भारत के लिए यथासंभव लंबे समय तक खेलती रहूं और ट्रॉफियां जीतती रहूं और मेरा ध्यान हमेशा इसी पर रहेगा। आप सभी के समर्थन के लिए धन्यवाद। अब आगे बढ़ने का समय है।"
पलाश ने भी इसी तरह अपना आधिकारिक बयान जारी करते हुए लिखा है कि मैंने अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने और अपने निजी रिश्तों से दूर रहने का फैसला किया है। स्मृति को धोखा देने के आरोपों पर पलाश ने कहा, 'मेरे लिए यह देखना बहुत मुश्किल रहा है कि लोग मेरे लिए सबसे पवित्र चीज के बारे में बेबुनियाद अफवाहों पर इतनी आसानी से प्रतिक्रिया दे रहे हैं। यह मेरे जीवन का सबसे मुश्किल दौर है और मैं अपने विश्वासों पर अडिग रहकर इससे निपटूंगा। मैं सचमुच उम्मीद करता हूं कि हम एक समाज के रूप में, किसी के बारे में बिना पुष्टि की गई अफवाहों के आधार पर राय बनाने से पहले रुकना सीखेंगे, जिनके सोर्स कभी पहचाने नहीं जाते। हमारे शब्द हमें ऐसे जख्म दे सकते हैं जिन्हें हम कभी समझ नहीं पाएंगे।'
पलाश ने आगे उनको लेकर अफवाहें फैलाने वालों पर लीगल एक्शन लेने की भी बात कही है। अपने बयान में उन्होंने लिखा, 'जब हम इन बातों पर विचार कर रहे हैं, तब दुनिया में कई लोग इसके गंभीर परिणामों का सामना कर रहे हैं। मेरी टीम झूठी और अपमानजनक अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। इस कठिन समय में मेरे साथ खड़े रहने वाले सभी लोगों का धन्यवाद।'


Click it and Unblock the Notifications













