Palak Tiwari ने अपनी बड़ी बॉलीवुड डेब्यू पर दिया रिएक्शन, सलमान खान की ईद धमाका फिल्म में आएंगी नजर

Palak Tiwari on Bollywood Debut: 'बिजली गर्ल' पलक तिवारी बॉलीवुड में कदम रखने को तैयार हैं। सलमान खान की आगामी फिल्म किसी का भाई किसी की जान में पलक एक अहम किरदार निभाते दिखेंगी। फिल्म के टीजर में भी उनकी झलक दिखी थी। कोई शक नहीं कि श्वेता तिवारी की बेटी पलक के लिए यह किसी ड्रीम डेब्यू से कम नहीं।
कई लोगों का मानना था कि पलक टेलीविजन से अपनी अभिनय यात्रा शुरू करके अपनी मां के नक्शेकदम पर चलेंगी, लेकिन पलक ने कहा कि बॉलीवुड ही हमेशा उनके दिल और दिमाग में रहा है। वो हमेशा से फिल्में ही करना चाहती थीं।
श्वेता तिवारी सालों से टेलीविजन से चहेती अभिनेत्री रही हैं। लिहाजा, उनकी बेटी होने के नाते, पलक हमेशा सुर्खियों में रही है, वह क्या पहनती है, कहां जाती है, और कौन से प्रोजेक्ट लेती है, ये सब हमेशा चर्चा में रहा है। लिहाजा, उन पर अपेक्षाओं का दबाव भी है।
22 वर्षीय पलक ने कहा कि बड़े पर्दे पर आने से पहले वह बहुत मेहनत कर रही हैं और तैयारी के मामले में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रही हैं। बॉलीवुड डेब्यू को लेकर उन्होंने कहा, "मेरा दिल हमेशा बॉलीवुड पर अटका हुआ था। मैं जो कुछ भी हूं और जो कुछ भी मेरा परिवार है, उसके लिए मैं टेलीविजन के लिए एहसानमंद हूं, लेकिन मेरी आंखें हमेशा बॉलीवुड पर थीं।"
अपेक्षाओं के बारे में बात करते हुए, पलक ने कहा, "यह दबाव ही है जो आपको तोड़ सकता है और आपको कुचल सकता है। लेकिन मैं यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही हूं कि यह मुझे खत्म न कर दे। दूसरी ओर, यह खुशी और कृतज्ञता की भावना के साथ आता है। मैं अभी पॉजिटिविटी पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश कर रही हूं।"
पलक ने उन सभी लोगों के प्रति भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनकी जिंदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उन्हें अपने सपने को जीने का मौका देने के लिए धन्यवाद दिया।


Click it and Unblock the Notifications
