पाकिस्तानी एक्ट्रेस Mahira Khan ने पहलगाम आतंकी हमले पर कही ये बात, भारतीयों के लिए जताया दुख

Mahira Khan On Pahalgam Terror Attack: पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर पाकिस्तानी सितारों ने आगे आकर दुख जताया है। फवाद खान के बाद माहिरा खान ने भी इस नरसंहार पर अपना रिएक्शन दिया है। इस टेरर अटैक में 26 निर्दोष भारतीयों की जान चली गई।
माहिरा खान ने जताया दुख
माहिरा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर हमले की निंदा करते हुए इसे कायरता से भरा हुआ कृत्य बताया। माहिरा ने हमले में अपने चाहनेवालों को खोने वाले परिवारों के प्रति अपना दुख व्यक्त किया। बयान में उन्होंने लिखा, "दुनिया में कहीं भी, किसी भी आकार या रूप में हिंसा केवल कायरता का काम है। पहलगाम में हुए हमले से प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।"
फवाद खान ने भी जताया था दुख
माहिरा से पहले, पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान ने भी हमले की निंदा की और अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए संवेदना जाहिर की। उन्होंने लिखा, "पहलगाम में हुए जघन्य हमले की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं इस भयावह घटना के पीड़ितों के साथ हैं, और हम इस कठिन समय में उनके परिवारों के लिए शक्ति की प्रार्थना करते हैं।"
अबीर गुलाल को लेकर लोगों में नाराजगी
आपको बता दें, हमले के तुरंत बाद, फवाद खान की आने वाली बॉलीवुड फिल्म अबीर गुलाल मुश्किल में पड़ गई है। कई नागरिकों और राजनीतिक नेताओं ने फवाद खान की आने वाली फिल्म पर अपनी निराशा व्यक्त की है, और उन्होंने इसकी रिलीज पर बैन लगाने की मांग की है।
भारत के सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सूत्रों ने गुरुवार को कहा कि फिल्म, जिसमें वाणी कपूर भी हैं, को भारत में रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। यह तब हुआ जब फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भारतीय फिल्म और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के सभी पाकिस्तानी कलाकारों, गायकों और तकनीशियनों के साथ पूर्ण असहयोग की रिक्वेस्ट की।
भारत में रिलीज नहीं होगी अबीर गुलाल
बुधवार को जारी एक बयान में, FWICE ने फवाद खान के साथ बॉलीवुड के हालिया सहयोग को ध्यान में रखते हुए सभी पाकिस्तानी कलाकारों का पूर्ण बहिष्कार करने की बात कही। FWICE ने कहा- "चल रहे दिशानिर्देशों के बावजूद, हमें हिंदी फिल्म 'अबीर गुलाल' के लिए पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान के साथ हाल ही में किए गए कोलैबरेशन के बारे में पता चला है। पहलगाम में हाल ही में हुए हमले के मद्देनजर, FWICE एक बार फिर किसी भी भारतीय फिल्म या एंटरटेनमेंट प्रोजेक्ट्स में हिस्सा लेने वाले सभी पाकिस्तानी कलाकारों, गायकों और तकनीशियनों का पूर्ण बहिष्कार जारी करने के लिए बाध्य है। इसमें दुनिया में कहीं भी होने वाले प्रदर्शन या सहयोग शामिल हैं।" । मूल निर्देश 2019 में पुलवामा आतंकी हमले के बाद जारी किया गया था, जिसमें 40 सीआरपीएफ कर्मियों की जान चली गई थी।


Click it and Unblock the Notifications












