ऑस्कर में वोटिंग प्रणाली बदली

ऑस्कर समारोह में सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म के चयन के लिए इस्तेमाल की जाने वाली वोटिंग प्रणाली बदली जा रही है.
एकेडमी ऑफ़ मोशन पिक्चर्स आर्ट्स और साइंसेस का कहना है कि अंतिम वोटों की गणना करने के लिए नई प्रणाली होगी.
इसमें वोटरों से कहा जाएगा कि वे अपने-अपने पसंद की फ़िल्मों की एक से दस तक रैंकिंग करें. नामांकन प्रक्रिया के लिए भी यही प्रणाली इस्तेमाल होती है.
लेकिन 1945 के बाद ये पहली बार है जब सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म चुनने के लिए भी इसी प्रणाली को उपयोग में लाया जाएगा.
बाक़ी सब वर्गों में उसे विजेता घोषित किया जाता है जिसे सबसे ज़्यादा वोट मिलते हैं.
अब सर्वश्रेष्ठ फ़िल्मों की शॉर्टलिस्ट में पाँच की जगह 10 फ़िल्मों को जगह मिलेगी.
अकादमी के अध्यक्ष टॉम शेरक ने कहा, “पहले वोटर उस फ़िल्म के आगे क्रॉस (x) का निशान लगाते थे जिसे वे सर्वश्रेष्ठ मानते हैं लेकिन अब वोटर ये भी बताएँगे कि उन्हें दूसरे, तीसरे और बाकी के नंबरों पर कौन सी फ़िल्में पसंद है.”
उन्होंने कहा कि इससे ये स्थापित होगा कि सब वोटर किस फ़िल्म का सबसे ज़्यादा समर्थन करते हैं.
‘प्रेफ़रेंशियल वोटिंग प्रणाली’ को इस्तेमाल करने का फ़ैसला इसलिए किया गया क्योंकि ज़्यादा विकल्पों को मतलब है कि अगर किसी को 580 से थोड़े भी ज़्यादा वोट मिलते हैं तो वो फ़िल्म विजेता बन जाएगी. अकादमी में कुल 5800 लोग वोट करते हैं.
82वें अकादमी पुरस्कारों के लिए नामांकनों की घोषणा अगले वर्ष दो फ़रवरी को की जाएगी.


Click it and Unblock the Notifications