ऑस्कर के लिए नामांकित पर....
हॉलीवुड की फ़िल्म ‘द हर्ट लॉकर’ ऑस्कर के लिए नामांकित हुई है लेकिन इसके निर्माता निकोलस चार्टियर के ऑस्कर समारोह में आने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.
ऐसा इसलिए किया गया है कि क्योंकि उन्होंने अकादमी के नियमों को तोड़ा है. उन्होंने ऑस्कर के लिए वोटिंग करने वालों को ईमेल लिखा है कि फ़िल्म अवतार के बजाय उनकी फ़िल्म को वोट दें.
दरअसल अकादमी के नियमों के अनुसार नामांकित फ़िल्मों से जुड़े लोग फ़िल्म के पक्ष में मत डालने को लेकर ईमेल नहीं कर सकते और न ही प्रतिद्वंदी फ़िल्म की बुराई कर सकते हैं.
वैसे अगर द हर्ट लॉकर को सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म का ऑस्कर मिलता है तो निकोलस को बाद में ये पुरस्कार दिया जाएगा.
निकोलस चार्टियर ने एकेडमी ऑफ़ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेस को फ़रवरी में ई-मेल किया था और कहा था कि ‘पचास करोड़ डॉलर की लागत वाली फ़िल्म’ के बजाय वे द हर्ट लॉकर को चुनें.
‘पचास करोड़ डॉलर की लागत वाली फ़िल्म’ से उनका आश्य फ़िल्म अवतार से था.
नियमों का उल्लंघन
बाद में की गई कुछ और ईमेल में निकोलस चार्टियर ऑस्कर वोटरों से कहते हैं कि ऑस्कर के लिए नामांकित फ़िल्मों की सूची में वे उनकी फ़िल्म को नंबर एक पर रखें और अवतार को नंबर 10 पर.
हालांकि निर्माता ने बाद में माफ़ी माँगी थी और कहा था कि ये ग़लती उनसे अंजाने में हुई, उन्हें नियमों को पता नहीं था क्योंकि वे पहली बार ऑस्कर के लिए नामांकित हुए हैं.
लेकिन अकादमी का कहना है कि निकोलस चार्टियर ने नियमों को तोड़ा है और नियमों के तहत किसी भी प्रतिदंद्वी फ़िल्म के बारे में नकारात्मक बातें कहने की मनाही है.
अच्छी बात ये है कि अकादमी ने ऑस्कर नामांकन से निकोलस का नाम वापस लेने का कड़ा क़दम नहीं उठाया है. अगर ऐसा होता तो जीत की सूरत में उन्हें बाद में भी ऑस्कर पुरस्कार नहीं दिया जा सकता था.
अकादमी के नियमों के तहत विजेता फ़िल्म से जुड़े तीन ही निर्माताओं को सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म के लिए पुरस्कृत किया जा सकता है.
द हर्ट लॉकर से चार निर्माता जुड़े हुए हैं और बाकी के तीनों निर्माताओं ने कहा था कि ऑस्कर के लिए निकोलस का नाम जाना चाहिए.
लेकिन प्रतिबंध के बाद अब निकोलस ऑस्कर समारोह में नहीं जा पाएँगे. हालांकि फ़िल्म से जुड़े बाकी तीनों निर्माता ऑस्कर समारोह में जा सकते हैं.
द हर्ट लॉकर और अवतार दोनों को ऑस्कर में नौ नामांकन मिले हैं.


Click it and Unblock the Notifications