Kevin Spacey: यौन उत्पीड़न के सभी आरोपों से बरी हुए ऑस्कर जीत चुके अभिनेता, फैसला सुनते ही कटघरे में रो पड़े

Kevin Spacey acquitted of sexual offence charges: 64 वर्षीय हॉलीवुड एक्टर केविन स्पेसी को यौन उत्पीड़न के नौ आरोपों से बरी कर दिया गया है। स्पेसी के खिलाफ 2001 से 2013 के बीच चार पुरुषों से जुड़े नौ यौन आरोपों में मुकदमा चल रहा था, जिनमें कोर्ट ने उन्हें दोषी नहीं पाया।
कोर्ट का फैसला सुनते ही केविन स्पेसी रोने लगे। उन्होंने नौ पुरुषों और तीन महिला जूरी सदस्यों को "धन्यवाद" कहा। फिर कटघरे से निकलकर उन्होंने अपने वकीलों से हाथ मिलाया।
फैसले के बाद स्पेसी ने मीडिया में दिया बयान
कोर्ट से निकलकर, स्पेसी ने मीडिया को भी बयान दिया। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि आप में से बहुत से लोग समझ सकते हैं कि आज जो कुछ हुआ है उसके बाद मुझे बहुत कुछ करना बाकी है।" साथ ही उन्होंने जूरी का भी आभार माना कि अपने फैसले पर पहुंचने से पहले उन्होंने सभी सबूतों और सभी तथ्यों की सावधानीपूर्वक जांच करने के लिए समय निकाला।
यौन उत्पीड़न के 9 गंभीर आरोप
बता दें, दो बार ऑस्कर अवॉर्ड जीत चुके एक्टर पर यौन उत्पीड़न के कुल नौ केस थे। जिसमें किसी व्यक्ति की सहमति के बिना यौन संबंध बनाना और गलत तरीके से छूने जैसे आरोप शामिल थे। साउथवार्क क्राउन कोर्ट में चार हफ्ते तक चली इस सुनवाई के दौरान, जूरी सदस्यों को बताया गया कि स्पेसी ने 2004 और 2013 के बीच, जब वह लंदन के ओल्ड विक थिएटर में काम कर रहे थे, तीन लोगों को गलत तरीके से छुआ था। इसके अलावा स्पेसी पर ओरल सेक्स का भी आरोप था। लेकिन अब सभी आरोप निराधार साबित हुए।
आरोपों के बाद हाथ से गए थे कई बड़े प्रोजेक्ट
स्पेसी, जिन्होंने अमेरिकन ब्यूटी (1999) में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और द उसुअल सस्पेक्ट्स (1995) में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का ऑस्कर जीता, ने कहा कि इन आरोपों के बाद उनकी दुनिया उजड़ गई थी। मैंने अपना काम, अपनी प्रतिष्ठा खो दी। बता दें, आरोप सामने आने के बाद स्पेसी को टीवी ड्रामा "हाउस ऑफ कार्ड्स" और फिल्म "ऑल द मनी इन द वर्ल्ड" से निकाल दिया गया था।


Click it and Unblock the Notifications