इगो पर काबू सीखा : रिया कपूर
मुंबई । अभिनेता अनिल कपूर की बेटी रिया कपूर फिल्मोद्योग के सबसे कम उम्र के निर्माताओं में से एक बन गई हैं। 23 वर्षीया रिया कहती हैं कि उन्होंने फिल्म परियोजना के आसानी से पूरा करने के लिए अहंकार पर काबू पाना सीखा है। रिया ने कहा, "सबसे कठिन यह है कि आपको हर बात की जिम्मेदारी लेनी पड़ती है।
यदि कुछ भी गलत होता है तो इसे आपकी गलती माना जाता है। चीजों को संतुलित करने और काम पूरा करने के लिए आपको कई बार अपने अहंकार पर काबू पाना पड़ता है।" अभिनेत्री सोनम कपूर की छोटी बहन रिया ने कभी भी निर्माण क्षेत्र में आने के लिए योजना नहीं बनाई थी।
अहंकार पर काबू पाना सीखा
वह कहती हैं, "मैंने निर्माण क्षेत्र में आने की योजना नहीं बनाई थी। मैंने न्यूयार्क में अभिनय का एक कोर्स किया था लेकिन जब मैं वापस आई तो मुझे एहसास हुआ कि कैमरे के सामने काम करना वह नहीं है जो मैं करना चाहती हूं।" उन्होंने कहा कि जब उनके पिता ने 'आयशा' की पटकथा सुनी तो उन्हें पसंद आई। उसके बाद उन्होंने इस फिल्म के निर्माण के लिए कहा। रिया कहती हैं कि उनके पिता को भरोसा था कि वह इस फिल्म के साथ न्याय कर सकेंगी।
निर्माण क्षेत्र में आने की योजना नहीं थी
जेन ऑस्टेन के उपन्यास 'एम्मा' पर आधारित इस रोमांसप्रधान फिल्म 'आयशा' का छह अगस्त को सिनेमाघरों में प्रदर्शन होगा। राजश्री ओझा ने 'आयशा' का निर्देशन किया है। यदि रिया ने इसमें पैसा लगाया तो राजश्री ने इस रोमांसप्रधान हास्य फिल्म की पतवार संभाली। वह कहती हैं, "मुझे निर्माण पसंद है पर अगले कुछ वर्षो में मैं निश्चित रूप से निर्देशन के क्षेत्र में आऊंगी लेकिन अभिनय मेरे लिए नहीं है।"


Click it and Unblock the Notifications











