रावण सैफ अली खान Vs प्रभु श्रीराम प्रभास - आज से शुरू आदिपुरूष का महारण
तान्हाजी डायरेक्टर ओम राउत ने जब से आदिपुरूष का अनाउंसमेंट किया है, तब से दर्शक भगवान श्री राम के रूप में प्रभास और परम ज्ञानी रावण के किरदार में सैफ अली खान के बीच का महासंग्राम देखने को बेचैन है। अब खबर है कि फिल्म की टेस्ट शूटिंग आज से शुरू होने जा रही है। इसके बाद मार्च के अंत से प्रभास और सैफ अली खान फिल्म का पहला शेड्यूल शुरू करेंगे।
गौरतलब है कि 350 करोड़ से ऊपर के भारी भरकम पर बन रही ये फिल्म वीएफएक्स और तकनीक के लिहाज़ से बेहद अनूठा एक्सपेरिमेंट होगी। इसलिए फिल्म की टेस्ट शूटिंग अभी से शुरू की जा रही है।

प्रभास और सैफ के लिए सारी तैयारी पहले ही करके रखी जा रही हैं जिससे कि उन्हें नई तकनीकों के साथ शूट करने में कोई दिक्कत ना आए। इस बीच जहां प्रभास अपने धनुष कौशल और बॉडी पर काम करेंगे वहीं सैफ अली खान अपनी ज़ुबान पर काम करेंगे।
सैफ अली खान और प्रभास दोनों के लिए ही ये दिलचस्प पीरियड ड्रामा होगा। दोनों ही अपने पिछले पीरियड ड्रामा तान्हाजी और बाहुबली से दर्शकों का दिल जीत चुके हैं। जहां एक तरफ बाहुबली, भारत की सबसे ज़्यादा कमाने वाली फिल्मों में से एक है वहीं तान्हाजी सैफ अली खान के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बन चुकी है।
फिल्म मार्च से फ्लोर पर जाएगी और इसकी रिलीज़ डेट है 11 अगस्त 2022। यानि कि 2022 का 15 अगस्त वीकेंड, बॉक्स ऑफिस पर ओम राउत की इस फिल्म के नाम पर ब्लॉकबस्टर कमाई करेगा।

सीता की कास्टिंग का इंतज़ार
जहां फिल्म में सैफ अली खान रावण की भूमिका में दिखाई देंगे वहीं खबरें थीं कि फिल्म में सीता के रोल के लिए महानटी एक्ट्रेस कीर्ती सुरेश को अप्रोच किया गया है। लेकिन फिल्म में सीता कौन है, फिलहाल इसकी किसी को कोई जानकारी नहीं है। अभी तक फिल्म में सीता की कास्टिंग फाईनल ही नहीं की गई है।

अनुष्का को किया अप्रोच
खबर थी कि फिल्म के लिए अनुष्का को भी अप्रोच किया गया था और अनुष्का अप्रैल से फिल्म की कास्ट को शूटिंग के लिए जॉइन करने वाली थीं। लेकिन फिर अनुष्का की टीम ने इन सारी खबरों का खंडन किया। अगर वाकई अनुष्का शर्मा इस फिल्म में दिखाई देतीं तो ये उनका पहला पीरियड ड्रामा होता।

दीपिका के अलावा कोई नहीं सीता
एक रिपोर्ट की मानें तो दरअसल, फिल्म की टीम को फिलहाल दीपिका पादुकोण के अलावा और किसी में सीता की छवि दिखाई ही नहीं दे रही है। लेकिन दीपिका पहले ही प्रभास के साथ नाग अश्विन की एक साइंस फिक्शन फिल्म कर रही हैं। वहीं उनके पास सीता बनने के डेट्स शायद नहीं हैं क्योंकि वो द्रौपदी बनने की तैयारी कर रही हैं।

कृति सैनन की भी चर्चा
वैसे फिल्म में सीता के रोल के लिए कृति सैनन के नाम की भी चर्चा है। अब देखना है कि फिल्म की सीता की आधिकारिक घोषणा कब होती है और किसने नाम पर होती है।

एक्शन भी और ड्रामा भी
ओम राउत पहले ही साफ कर चुके हैं कि ये फिल्म एक 3d एक्शन ड्रामा होगी। वहीं फिल्म का मूल प्लॉट होगा बुराई पर अच्छाई की जीत। ऐसे में रामायण को 3d एक्शन में ओम राउत कैसे तब्दील करते हैं, ये देखना काफी दिलचस्प होगा।

वायरल हो चुका है लुक
फिल्म से प्रभास के राम का लुक काफी वायरल हो चुका है। हालांकि ये लुक फैन्स ने ही डिज़ाइन किया है। फिल्म को लेकर प्रभास ने कहा कि हर किरदार का अपना चैलेंज होता है लेकिन ऐसा किरदार निभाना वास्तव में बहुत कठिन होगा। वहीं इसे निभाने के लिए बहुत ही ज़िम्मेदारी की ज़रूरत है। मैं इसे निभाने के लिए बहुत ही ज़्यादा उत्साहित हूं।

हो चुकी है कंट्रोवर्सी
फिल्म के शुरू होने से पहले ही फिल्म को लेकर कंट्रोवर्सी भी हो चुकी है। सैफ अली खान ने फिल्म में रावण के किरदार के बारे में बात करते हुए कहा था कि हम रावण को एक अच्छे इंसान के तौर पर दिखाना चाहते हैं जिसने सीता का अपहरण, केवल अपनी बहन की बेइज़्जती का बदला लेने के लिए किया। इसके बाद काफी बवाल मच गया था।

11 करोड़ की फीस
हालांकि बाद में सैफ ने अपने बयान के लिए माफी मांगी थी। माना जा रहा है कि फिल्म में रावण के किरदार के लिए सैफ अली खान 11 करोड़ रूपये फीस के तौर पर ले रहे हैं। ओम राउत, सैफ अली खान के साथ तान्हाजी में काम करके उनके काम से बेहद प्रभावित थे। हालांकि, सैफ अपने किरदार से ज़्यादा संतुष्ट नहीं थे। इसलिए इस बार सैफ फिल्म तभी करेंगें जब हीरो और विलेन दोनों के किरदार टक्कर के होंगे।

युवाओं की फिल्म
माना जा रहा है कि जिस तरह से ओम राउत ने इन किरदारों को डिज़ाइन किया है, लोगों को ये बहुत ही ज़्यादा पसंद आएगा। वहीं प्रभास का कहना है कि देश के युवाओं को ये फिल्म काफी पसंद आएगी।

जय श्री राम
फिल्म चार भाषाओं में बन रही है। हिंदी, तेलुगू, तमिल और मलयालम। फिल्म के लिए अभी से ओम राउत कड़ी मेहनत कर रहे हैं और दर्शकों को बाहुबली के बाद एक और महत्त्वाकांक्षी कॉस्ट्यूम ड्रामा मिलने वाला है।


Click it and Unblock the Notifications













