सिर्फ प्रियंका चोपड़ा नहीं, अनुष्का शर्मा का करियर भी चौपट करने पर तुले थे करण जौहर लेकिन...

Karan Johar wanted to kill Anushka Sharma career: करण जौहर अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में रहते हैं और ऐसा ही एक बार फिर हुआ है। कुछ दिनों पहले करण जौहर प्रियंका चोपड़ा की वजह से खबरों में थे तो वहीं, अब उनका एक 7 साल पुराना वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो इस बात को स्वीकार करते नजर आ रहे हैं कि शुरुआती दौर में उन्होंने अनुष्का शर्मा के करियर को तबाह करने की कोशिश की थी।
यह मामला दरअसल, अनुष्का शर्मा की पहली फिल्म 'रब ने बना दी जोड़ी' से जुड़ा हुआ है। आदित्य चोपड़ा इस फिल्म में शाहरुख खान के अपोजिट एक फ्रेश चेहरे की तलाश कर रहे थे और उन्होंने अनुष्का को लेने का मन बना लिया था। लेकिन, करण जौहर ने तब आदित्य चोपड़ा से कहा था कहा था कि वह अनुष्का को साइन न करें। कई मीडिया रिपोर्ट की मानें तो करण जौहर चाहते थे कि आदित्य चोपड़ा अनुष्का को छोड़ सोनम कपूर को साइन करें।
करण जौहर ने हालांकि, ये भी कहा था कि अनुष्का शर्मा की फिल्म 'बैंड बाजा बारात' देखने के बाद वो अभिनेत्री से माफी मांगने के बारे में सोचने लगे। करण जौहर ने ये बातें 2016 में मियामी मुंबई फिल्म फेस्टिवल के मंच पर से कही थी। तब इस मंच पर उनकी फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' की पूरी टीम पहुंची थी।
करण जौहर ने तब अनुष्का शर्मा के बारे में बात करते हुए कहा था- 'मैं एक समय, अनुष्का शर्मा के करियर को पूरी तरह से खत्म करना चाहता था। जब आदित्य चोपड़ा ने मुझे इनकी फोटो दिखाई, तो मैं ऐसा हो गया था कि नहीं, नहीं! पागल या क्या, तुम इसे साइन कर रहे हो, तुम पागल हो! तुम्हें इस फिल्म में अनुष्का शर्मा को साइन करने की कोई जरूरत नहीं है।'
आगे करण जौहर ने कहा- 'लेकिन जब मैंने बैंड बाजा बारात देखी, तो मैंने अनुष्का को फोन किया और मुझे लगा कि मुझे उनसे माफी मांगनी चाहिए और तारीफ करनी चाहिए। माफी, इसलिए कि मुझे बहुत शर्मिंदगी महसूस हुई थी कि अगर आदित्य ने मेरी बात मान ली होती तो मैं वाकई में एक बेहतरीन एक्ट्रेस के करियर ग्राफ को बर्बाद कर देता।'
बता दें कि, करण जौहर का ये वीडियो रेडिट पर खूब शेयर हो रहा है। लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स ने करण जौहर को को जमकर खरी खोटी सुनाई है। यूजर्स अनुष्का शर्मा का सपोर्ट कर रहे हैं। हालांकि, ये काफी पुरानी बात है और करण जौहर ने बाद में अनुष्का के साथ काम भी किया है।


Click it and Unblock the Notifications