सिर्फ ‘डीडीएलजे’ ही नहीं, इस वैलेंटाइन डे सिनेमा हॉल में फिर से रिलीज होंगी ये फिल्में भी

इस साल नयी फिल्मों के रिलीज होने की बाढ़ आयी हुई है। बॉलीवुड के लगभग हर एक एक्टर की कोई ना कोई नयी फिल्म इस साल रिलीज होगी। साल की शुरुआत अर्जुन कपूर की फिल्म 'कुत्ते' से हुई थी। इसके बाद शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' रिलीज हुई जिसकी आंधी को अभी तक रोका नहीं जा सका है। लेकिन कई बार लोग सिर्फ नयी ही नहीं कुछ पुरानी फिल्में देखना भी पसंद करते हैं। ऐसे दर्शकों के लिए खास तौर पर कई पुरानी फिल्मों को फिर से रिलीज किया जा रहा है। इस लिस्ट में शाहरुख खान की 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' से लेकर शाहिद कपूर की 'जब वी मेट' भी शामिल है। ये सभी फिल्में 10 से 14 फरवरी तक देशभर के कई बड़े शहरों मुंबई, अहमदाबाद, दिल्ली, चंडीगढ़, कोलकाता के सिनेमा हॉल में लगेंगी। तो इस साल वैलेंटाइन डे पर अपने पार्टनर के साथ इन फिल्मों का दोबारा लुत्फ उठाने का मौका बिल्कुल ना छोड़े।

दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे :
20 अक्टूबर 1995 को रिलीज हुई फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' का क्रेज रिलीज होने के साथ ही दर्शकों के सिर चढ़कर बोलने लगा था। इस फिल्म में शाहरुख खान और काजोल की जोड़ी दिखी थी। विलेन का इमेज छोड़कर इस फिल्म ने शाहरुख खान को किंग ऑफ रोमांस बना दिया था। इतने सालों बाद भी दर्शकों के बीच 'डीडीएलजे' का क्रेज बरकरार है।

जब वी मेट :
इम्तियाज अली की फिल्म 'जब वी मेट' के रिलीज होने के साथ ही बातूनी गीत और शांत स्वभाव वाले आदित्य से लोगों को प्यार हो गया था। फिल्म में शाहिद कपूर और करीना कपूर मुख्य भूमिका में नजर आए थे। साल 2007 की सबसे हिट फिल्मों में यह फिल्म शामिल थी। इस फिल्म को पीवीआर फिर से रिलीज करेगी।

तमाशा :
इस वैलेंटाइन डे पर इम्तियाज अली की फिल्म 'तमाशा' को भी फिर से रिलीज किया जा रहा है। इस फिल्म में रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में नजर आए थे। 2015 में आयी इस फिल्म में दर्शकों की काफी वाहवाही लूटी थी। इस फिल्म को भी पीवीआर ही रिलीज कर रहा है।

कई क्षेत्रीय फिल्में भी हो रही रिलीज :
इस साल वैलेंटाइन डे पर जिन फिल्मों को दोबारा रिलीज किया जा रहा है उनमें कई क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्में भी शामिल हैं। इनमें वेद (मराठी), गीत गोविंदम (तेलुगु), विन्नईतन्डी वरुवाया (तमिल), हृदयम (मलयालम), गुगली (कन्नड़), लव नी भवई (गुजराती) फिल्में भी शामिल हैं।

हॉलीवुड फिल्में भी हैं लिस्ट में :
वैलेंटाइन डे पर जिन फिल्मों को दोबारा रिलीज किया जा रहा है, उनमें सिर्फ बॉलीवुड और क्षेत्रीय भाषा की फिल्में ही नहीं, बल्कि हॉलीवुड फिल्में भी शामिल हैं। अगर आप हॉलीवुड फिल्मों के दिवाने हैं तो अपने पार्टनर के साथ वैलेंटाइन डे पर 'टाइटैनिक' और 'टिकट टू पैराडाइज' जैसी फिल्मों का लुत्फ उठाने का मौका बिल्कुल ना चूके।


Click it and Unblock the Notifications