अक्षय कुमार के बाद- बिग बजट एडवेंचर ड्रामा के लिए शाहरुख खान के साथ जुड़ेंगे ये निर्देशक?
ज़ीरो के बाद शाहरुख खान ने कोई फिल्म साइन नहीं की है। लिहाजा, हर अगली फिल्म के साथ उनका नाम जोड़ा जा रहा है। ताजा अफवाहों की मानें तो रोबोट और 2.0 जैसी मेगा बजट फिल्में बनाने वाले निर्देशक एस शंकर की अगली फिल्म में शाहरुख खान नजर आ सकते हैं। पहले इस फिल्म के लिए ऋतिक रोशन को अप्रोच किया जा रहा था। लेकिन बात नहीं बनी। ऋतिक के इंकार करने के बाद अब शाहरुख को अप्रोच किया जा रहा है।
एस शंकर ने 2.0 में अक्षय कुमार के साथ काम किया है। उसके बाद निर्देशक कमल हसन की फिल्म 'इंडियन 2' पर काम कर रहे हैं। लेकिन शंकर साथ ही साथ एक और फिल्म की भी तैयारी कर रहे हैं, जो एक एडवेंचर ड्रामा है। यह बिग बजट साइंस फिक्शन फिल्म होगी।

यदि शाहरुख खान इसके लिए हामी भर देते हैं, तो शंकर और शाहरुख पहली बार एक साथ काम करेंगे। इस फिल्म में दूसरे किरदार के लिए जैकी चेन और तमिल के एक्टर थालापथी विजय और चाइनीज एक्ट्रेस ली बिंगबिंग को भी अप्रोच कर किया जा रहा है।
यह भारत की पहली ऐसी फिल्म होगी जो पूरी तरह से अंडरवॉटर शूट की जाएगी। फिल्म एक ऐसे विशालकाय ऑक्टोपस जैसे जीव के इर्द-गिर्द घूमेगी जिसके पास कई स्पेशल पावर होंगे। कुछ कुछ 2.0 के पक्षी राजा जैसा। 2.0 की तरह यह फिल्म भी 3डी में बनेगी। फिलहाल फिल्म की स्क्रिप्टिंग खत्म हो चुकी है। और इसके लिए इंटरनेशनल स्टूडियो की तलाश की जा रही है, जो फिल्म प्रोड्यूस कर सके।


Click it and Unblock the Notifications











