जंगल की आग में बुरी तरह से फंसी Nora Fatehi, होटलवालों ने एक्ट्रेस की टीम को निकाला, सामने आया वीडियो

Nora Fatehi Stuck In US: बॉलीवुड एक्ट्रेस और टैलेंटेड डांसर नोरा फतेही ने हाल ही में बताया कि लॉस एंजिल्स में लगी आग के कारण उन्हें और उनकी टीम को होटल खाली करने के लिए कहा गया था। काम के लिए यूएसए में, नोरा ने गुरुवार (9 जनवरी) को अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर जंगल की आग की एक झलक शेयर की और फैंस के साथ अपने एक्सपीरिएंस शेयर किया।
होटल ने बाहर निकलने को कहा
वीडियो में, नोरा को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "मैं एलए में हूं और जंगल की आग बहुत भयानक है। मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा। हमें पांच मिनट पहले ही होटल से बाहर जाने का ऑर्डर मिला है। इसलिए मैंने जल्दी से अपना सारा सामान पैक किया और मैं यहां से निकल रही हूं। मैं एयरपोर्ट के पास जाऊंगी और वहां आराम करूंगी क्योंकि आज मेरी एक फ्लाइट है और मुझे उम्मीद है कि मैं इसे पकड़ पाऊंगी।"
अपडेट देने का किया वादा
उन्होंने आगे कहा, "मुझे उम्मीद है कि मेरी फ्लाइट कैंसिल नहीं होगी क्योंकि यह सब बहुत डरावना है। मैं आप लोगों को अपडेट देती रहूंगी। मुझे उम्मीद है कि लोग सुरक्षित होंगे, मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा।" हालांकि, नोरा ने यह नहीं बताया कि वह लॉस एंजिल्स में क्यों हैं।
कई सेलेब के घर जलकर राख हुए
लॉस एंजिल्स में लगी भीषण आग ने सैकड़ों घरों को जलाकर राख कर दिया है और इनमें हॉलीवुड की कुछ सबसे बड़ी हस्तियों जैसे जेमी ली कर्टिस, मैंडी मूर, पेरिस हिल्टन, एडम ब्रॉडी, यूजीन लेवी, एंथनी हॉपकिंस, बिली क्रिस्टल, माइल्स टेलर, केली टेलर और अन्ना फारिस के आलीशान घर भी शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सांता मोनिका और मालिबू के बीच के सुंदर एरिया में भीषण आग ने लगभग 12,000 एकड़ को तबाह कर दिया है। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि फायर एक्सटींगुईशर टीम अभी भी अनकंट्रोल्ड जंगली आग से जूझ रहे हैं, जिसके कारण हजारों लोगों को घर खाली करने पड़े हैं, ट्रैफिक बाधित हुआ है।


Click it and Unblock the Notifications