आलिया के लिए बाप को माफी मांगने की जरूरत नहीं: सलमान खान
सलमान ने शनिवार को ट्विटर पर लिखा, "भट्ट साब माफी मांगने की जरूरत नहीं। आलिया की परवरिश बेहतर तरीके से हुई है। मुझे गर्व है कि मैंने उसके साथ मंच साझा किया। वह अपनी मेहनत से और इज्जत के साथ अपनी रोजी-रोटी कमाती है।" गौरतलब है कि सलमान भी सैफई महोत्सव में कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों में शामिल थे।
मालूम हो कि महेश भट्ट ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव द्वारा आयोजित सैफई महोत्सव में आलिया को कार्यक्रम पेश करने की अनुमति देने के लिए माफी मांगी है।
आलिया की बहन फिल्मकार और अभिनेत्री पूजा भट्ट ने भी अपने पिता का बचाव करते हुए कहा कि उनके पिता अपनी जिम्मेदारी निभाने में कभी असफल नहीं हुए हैं।
सैफई महोत्सव में हिस्सा ले रहे बॉलीवुड कलाकारों को उत्तर प्रदेश लाने के लिए चार्टर्ड विमान की व्यवस्था की गई थी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की इसके लिए काफी आलोचना हुई है। आलोचकों ने कहा है कि फिल्मी कलाकारों पर इतनी भारी भरकम धनराशि खर्च करने के बजाय इस राशि को मुजफ्फरनगर दंगा पीड़ितों के राहत और पुनर्वास पर खर्च किया जा सकता था।
जिसके बाद सीएम अखिलेश यादव ने भी अपनी सफाई देते हुए मीडिया पर बरसे थे और कहा था कि महोत्सव में इतना भी खर्चा नहीं हुआ था जितना की मीडिया हाउस चिल्ला-चिल्ला कर कह रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications












