बाम्बे वेलवेट के 'बाम्बे' से सेंसर बोर्ड को आपत्ति नहीं
'बॉम्बे' शब्द से कुछ दिनों पहले आपत्ति जताने वाले सेंसर बोर्ड ने अनुराग कश्यप की फिल्म 'बॉम्बे वेलवेट' को टाइटल के लिए हरी झंडी दे दी है। सीबीएफसी द्वारा मिहिर जोशी के गाना से 'बॉम्बे' शब्द को बीप किए जाने के बाद ऐसी आशंका थी कि अनुराग कश्यप को भी उनकी फिल्म 'बॉम्बे वेलवेट' का नाम बदलना पड़ेगा। लेकिन सेंसर बोर्ड ने अनुराग को राहत दी है।
सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष पहलाज निहलानी ने कहा कि फिल्म के नाम को बदलने की जरूरत दिखाई नहीं देती है। निहलानी ने कहा, 'यदि फिल्म ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित है और उस दौर पर बनी है कि जब मुंबई का नाम बॉम्बे था, तो हम इस फिल्म के नाम को तार्किक मान सकते हैं। लेकिन आज के समय के लिए 'बॉम्बे' नाम स्वीकार नहीं किया जाएगा।'
निहलानी ने कहा, 'यह राज्य का मामला है। महाराष्ट्र सरकार ने आधिकारिक रूप से 1995 में 'बॉम्बे' का नाम बदलकर 'मुंबई' रखा था। इसके बावजूद यदि फिल्मकार और गीतकार अपनी रचनाओं में 'बॉम्बे' शब्द का इस्तेमाल करेंगे, तो वह गलत है और हमारे पास उसे हटाने के अलावा कोई उपाय नहीं बचेगा।'
मिहीर जोशी के गाने पर निहलानी ने कहा कि, मिहीर मुंबई में पले-बढ़े हैं, उन्हें यह बात पता होनी चाहिए थी। यह उनकी भी जिम्मेदारी है। क्योंकि अब शहर का नाम बॉम्बे नहीं मुबंई है।
बहरहाल, जिस गति से भारत में शहरों के नाम बदले जा रहे हैं। यह सिर्फ निर्देशक निर्माताओं के लिए नहीं, बल्कि सेंसर बोर्ड के लिए मुश्किल की बात है। परेशानी यह भी है कि सीबीएफसी कहां तक फिल्मों से नाम में बदलाव करेगी। बॉम्बे, मद्रास हो या कलकत्ता, इनके नाम फिल्मों में काफी इस्तेमाल होते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
